अलीगढ़, टप्पल, जेवर, बाजना बस ऑपरेटर्स यूनियन एवं प्रशासन की बीच पिछले एक सप्ताह से चल रही तनातनी मुख्य सचिव के हस्तक्षेप के बाद गुरुवार को समाप्त हो गई। यूनियन के पदाधिकारियों ने शुक्रवार से बसों का संचालन शुरू करने का ऐलान किया है।
विदित हो कि पिछले गुरुवार को एसडीएम कोल पर उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए यूनियन के पदाधिकारियों ने बसों की हड़ताल शुरु कर दी। हड़ताल को तोड़ने के लिए प्रशासन के कई हथकंडे अपनाए लेकिन वह कामयाब नहीं हो सका। इधर, मंडल स्तर पर सुनवाई न होने पर यूनियन के पदाधिकारी मुख्य सचिव अमित चंद पांडेय के दरबार में शिकायत लेकर पहुंचे। यूनियन के महाप्रबंधक मोहन दत्त शर्मा ने बताया कि मुख्य सचिव ने डीएम चंद्रभूषण को बसों का संचालन शुरु कराने के निर्देश दिए हैं।
फिलहाल बसों का संचालन प्रशासन द्वारा निर्धारित किए गए बस अड्डे से ही होगा, इस दौरान संचालन में आने वाली परेशानियों से निपटने में प्रशासन मदद करेगा। यूनियन के प्रबंधक ने बताया कि जिलाधिकारी के शहर से बाहर होने के कारण व्यक्तिगत भेंट नहीं हो पाई है, लेकिन फोन पर हुई वार्ता में सहमति बन गई है। डीएम द्वारा मदद के आश्वासन के बाद हड़ताल समाप्त कर दी गई है। शुक्रवार से पूर्व की भांति बसों का संचालन होगा। उन्होंने हड़ताल में साथ देने वाले सभी बस मालिकों का भी धन्यवाद अदा करते हुए शुक्रवार से बसों का संचालन करने का अनुरोध भी किया है।