यूपी बैंक इंप्लाइज यूनियन के बैनर तले 9 जुलाई को केंद्रीय श्रम संगठनों द्वारा देशव्यापी हड़ताल की जाएगी। इससे बैंकों में लेन-देन समेत अन्य कार्य प्रभावित रहेंगे। हालांकि इस हड़ताल में बैंक अधिकारी शामिल नहीं होंगे। हड़ताल के समर्थन में 8 जुलाई शाम रामघाट रोड स्थित केनरा बैंक शाखा के बाहर बैंककर्मियों ने नारेबाजी करते हुए धरना-प्रदर्शन किया।
वक्ताओं ने कहा कि केंद्रीय ट्रेड यूनियनों के साझा मंच और सेक्टोरियल यूनियनों के राष्ट्रव्यापी आह्वान पर आम हड़ताल रहेगी। जिले भर की सभी 250 शाखाओं में तालाबंदी की जाएगी। जिला संयोजक एवं अध्यक्ष प्रदीप चौहान ने बताया कि देश के लगभग सभी श्रम संगठन इस हड़ताल में शामिल होंगे।
उन्होंने बैंक कर्मचारियों से अधिक संख्या में राजा महेंद्र प्रताप सिंह पार्क, तस्वीर महल के पास आने की अपील की। इस अवसर पर प्रदर्शन में जिला संयोजक भूपेंद्र, हिमांशु, गाैरव तिवारी, जितेंद्र, अश्वनी, राजेश, अखलेश, राकेश सक्सेना, सुधीर सक्सेना, अभिषेक कुमार झा, विशाल बाबू, नवीन, विजेंद्र, मोनिका, पूनम, भूमिका, नरेश शर्मा आदि मौजूद रहे।