बरौली विधायक ठाकुर दलवीर सिंह ने जहरीली शराब पीने से 50 से अधिक निर्दोष लोगों की मृत्यु के लिए जिम्मेदार आबकारी विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग करते मुख्यमंत्री को पत्र लिखा है। उन्होंने कहा है कि यह घटना एक तरह से सामूहिक हत्या कांड की तरह है।
विधायक ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि जनपद में जहरीली शराब के कारण 50 से अधिक निर्दोष लोगों की जाने गई हैं, जो अलीगढ़ के इतिहास में सर्वाधिक मौतें हैं। जनपद की जनता में इस प्रकरण के लिए जिम्मेदार आबकारी विभाग के अधिकारियों व कर्मचारियाें के खिलाफ आक्रोश है। यह एक प्रकार से सामूहिक हत्या कांड है, जिसके लिए संबंधित विभाग के अधिकारी व कर्मचारी जिम्मेदार हैं। अधिकारियों ने उत्तरदायित्वों का समय से निर्वहन नहीं किया अथवा शराब माफिया से साथ संलिप्त रहे। विधायक ने आबकारी विभाग के दोषी अधिकारियों व कर्मचारियों के खिलाफ मुकद्दमा पंजीकृत कर सख्त से सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।