जवां के गांव के बाजगढ़ी नगला बंजारा के युवक की हत्या बेहद क्रूरतापूर्वक की गई। उसका पहले गला दबाया गया और फिर घरेलू चाकू से शरीर में 22 वार किए गए। इस हमले में उसके सीने और हाथ-पैर के अंदरूनी हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। रविवार को पोस्टमार्टम के दौरान स्टाफ भी इतने घाव देखकर हैरान रह गया। बाद में शव परिवार को सौंप दिया गया। इस मामले में परिवार की ओर से गांव के ही बबलू को नामजद किया गया है।
बाजगढ़ी नगला बंजारा निवासी 25 वर्षीय सत्यवीर पुत्र अर्जुन सिंह शुक्रवार की शाम करीब सात बजे से घर से लापता था। शनिवार दोपहर करीब तीन बजे उसकी लाश लहटोई गांव के पास गन्ने के खेत में मिली थी। पुलिस जांच में यह बात सामने आई कि शुक्रवार शाम पांच बजे तक बरौली के शराब ठेके पर वह गांव के ही बबलू संग शराब पीते देखा गया था। इस आधार पर परिवार उसी पर संदेह जता रहा है। सीओ अनिल समानिया के अनुसार अभी मामले में जांच की जा रही है। परिवार ज्यादा कुछ नहीं बता पा रहा है। फिलहाल हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
इधर, रविवार को पोस्टमार्टम के दौरान उसके शरीर में चोटों को देख पोस्टमार्टम स्टाफ हैरान रह गया। सूत्रों की मानें तो पहले उसका गला दबाया गया और फिर उसके सीने, कंधे, हाथ व पैरों पर चाकू से वार किए गए। वार इतनी बेरहमी से किए गए कि सीने और बाजुओं के अंदरूनी हिस्से बुरी तरह डैमेज हुए हैं।