महानगर के सासनीगेट थाना क्षेत्र के समनापाड़ा से सटे जयगंज सब्जी मंडी में रविवार रात वाल्मीकि व जाटव समाज के लोग आमने-सामने आ गए। इस दौरान कहासुनी के बीच मारपीट के दौरान पथराव भी हुआ। खबर पर पुलिस पहुंच गई। स्थिति को तत्काल नियंत्रित कर लिया गया। पुलिस ने पथराव की बात सिरे से नकारी है। बता दें कि दो दिन पहले इसके बगल के समनापड़ा में वाल्मीकि समाज में पथराव व फायरिंग हुई थी।
पुराने शहर के अतिसंवेदनशील इलाकों में शामिल जयगंज सब्जी मंडी में जाटव समाज के लोग रहते हैं। बगल में ही समनापाड़ा है। कुछ दिन पहले वाल्मीकि समाज के युवक ने इसी इलाके में मकान खरीद लिया है। आरोप है कि रविवार रात करीब साढ़े नौ बजे वाल्मीकि समाज का युवक गली में आया और गालीगलौज करने लगा। आरोप है कि वह नशे में था। स्थानीय लोगों ने जब उसका विरोध किया तो विवाद हो गया। पहले उस युवक को पीट दिया गया।
यह खबर मिलते ही वाल्मीकि समाज के अन्य लोग एकत्रित होकर आ गए और दोनों पक्षों में कहासुनी होते होते मारपीट के बीच पथराव शुरू हो गया। इस खबर पर तत्काल थाना पुलिस के साथ-साथ पीएसी भी पहुंच गई। पुलिस को देख इलाके से लोग भाग गए। वहां कोई घटना की सच्चाई बताने तक को तैयार नहीं हुआ। बाद में पुलिस ने नशे में गाली गलौज कर रहे युवक को हिरासत में ले लिया। सीओ प्रथम सुदेश गुप्ता ने बताया कि गालीगलौज करने वाले युवक को हिरासत में ले लिया है। मामूली विवाद हुआ था। जिसे शांत करा दिया गया।