सराय कावा तुर्कमान गेट में दो पक्षों के बीच हुए झगड़े में घायल युवती।
- फोटो : CITY OFFICE
महानगर के मिश्रित आबादी वाले अतिसंवेदनशील तुर्कमान गेट सराय कावा इलाके में तलाकशुदा महिला को प्रेम प्रसंग के चलते ले जाने के फेर में मंगलवार शाम दो पक्ष आमने-सामने आ गए। इस दौरान दोनों ओर से जमकर पथराव हुआ। इस दौरान इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। खबर पर कोतवाली, देहली गेट और सासनी गेट का पुलिस बल दौड़ता हुआ मौके पर पहुंच गया।
शुरुआत में पुलिस ने समझाकर माहौल को नियंत्रित करने का प्रयास किया, मगर जब बात नहीं बनी तो पुलिस ने लाठियां फटकारकर भीड़ को तितर-बितर किया। इस दौरान महिला को ले जाने के आरोपी की मां व बहन के गंभीर चोट आई हैं। देर रात तक किसी पक्ष से तहरीर नहीं मिली थी। पुलिस का कहना था कि अगर तहरीर नहीं आई तो पुलिस अपनी ओर से मुकदमा दर्ज करेगी।
वाकये के अनुसार कोतवाली क्षेत्र के सराय कावा में वाल्मीकि समाज के साथ-साथ अनुसूचित जाति के लोग आसपास ही रहते हैं। यहां की रहने वाली वाल्मीकि महिला ने मुसलिम से शादी की। वह मुसलिम बिहार में नौकरी करता है। वाल्मीकि महिला अपने बेटे व बेटी संग वाल्मीकि बस्ती में रहती है। उसके बेटे पर आरोप है कि वह अनुसूचित जाति की तलाकशुदा युवती को ले गया है। वह पहले भी उसे ले गया था। उस समय लोगों के प्रयास से वापस आ गया। अब फिर ले गया है।
इस बात पर युवक या युवती के परिवार को तो कोई ऐतराज नहीं है। मगर युवती के समाज के लोगों ने समाज की बदनामी को लेकर युवक के घर हमला बोल दिया। उसकी बहन व मां संग मारपीट की। इस मारपीट में युवक की बहन के दांत तक टूट गए। इस दौरान चीख पुकार मचने पर युवक के समाज के लोग भी उसके पक्ष में आ गए और दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। कुछ ही देर में वहां पथराव शुरू हो गया। जमकर ईंट पत्थर फेंके जाने लगे। इससे मिश्रित आबादी वाले संवेदनशील इलाके में अफरा-तफरी व भगदड़ का माहौल बन गया।
खबर पर इंस्पेक्टर कोतवाली रविंद्र सिंह, देहली गेट इंद्रेेश सिंह, सासनी गेट जावेद खां आदि पुलिस बल के साथ पहुंच गए। पुलिस के लाठियां फटकारने पर माहौल नियंत्रित हुआ। इंस्पेक्टर का कहना है कि घायलों को जिला अस्पताल भेजा गया है। तहरीर का इंतजार किया जा रहा है। अगर तहरीर नहीं मिली तो पुलिस अपनी तरफ से मुकदमा दर्ज करेगी। वहीं इलाके में पुलिस तैनात कर दी गई है।
सराय कावा तुर्कमान गेट में दो पक्षों के बीच हुए झगड़े की सूचना पर पहुंची पुलिस।- फोटो : CITY OFFICE