महानगर के क्वार्सी बाईपास की राजीव नगर कॉलोनी से बुधवार को दिनदहाड़े सिविल जज के बंद मकान से चोर माल उड़ा ले गए। शाम को जब सिविल जज के बैंक अफसर पिता ड्यूटी से घर लौटे तो उन्हें चोरी की जानकारी हुई। चोरों ने आराम से पूरे घर की तलाशी ली है। अभी जज के पिता चोरी गए माल का अनुमान नहीं बता पा रहे हैं। पत्नी के आने पर ही जानकारी दे पाएंगे।
राजीव नगर निवासी आदित्य कुमार सिंह बिहार के मुजफ्फरपुर जनपद में सिविल जज के पद पर तैनात हैं। उनके पिता यशपाल ङ्क्षसह यहां एसबीआई मुख्य शाखा में सहायक प्रबंधक हैं। इन दिनों उनकी मां अनुपमा सिंह बेटे के पास बिहार गई हुई हैं। यशपाल सिंह घर में अकेले ही रह रहे हैं। वह सुबह ड्यूटी जाते हैं और शाम को लौटते हैं। बुधवार शाम करीब छह बजे जब वह घर पहुंचे तो पाया कि चोर दीवार फांद कर अंदर घुसे हैं। इसके बाद अंदर के ताले तोड़कर घर, सेफ की तलाशी ली है। सेफ से सामान तो गायब है, मगर क्या-क्या गायब है।
यह जानकारी अनुपमा सिंह के आने के बाद ही हो सकेगी। यशपाल सिंह को बस बाहर के कमरे में लगी एलईडी गायब दिख रही है। सूचना पर पुलिस भी पहुंच गई। इस मामले में तहरीर दे दी गई है। साथ ही कहा गया है कि पत्नी के आने पर बाकी माल की जानकारी दी जाएगी।