ऊपरकोट कोतवाली में भाजपा महानगर मंत्री संजू बजाज, पार्षद सूरज माहौर आदि पर दर्ज मुकदमे में पुलिस ने साक्ष्य संकलन शुरू कर दिया है। इसी क्रम में थाना परिसर में मौजूद पुलिसकर्मियों आदि के बयान दर्ज किए गए। साक्ष्यों के आधार पर ही आगे कार्रवाई की जाएगी।
बता दें कि शनिवार को हुए घटनाक्रम के दौरान संजू बजाज व साथियों पर थाना परिसर में दरोगा से अभद्रता, हाथापाई, हमलावर होने व गाली देने तक का आरोप लगा। जिसका मुकदमा दरोगा की ओर से कराया गया। पुलिस विवेचना में यह भी शामिल किया जा रहा है कि संजू द्वारा फोन करके बुलाने पर वहां कौन कौन लोग आए थे। चूंकि मुकदमे में सात आठ अज्ञात आरोपी हैं।
इसलिए उन्हें भी चिह्नित किया जा रहा है। साथ में एक-एक पुलिसकर्मी के अलग से बयान दर्ज किए जा रहे हैं। इसके अलावा संजू के पुराने मुकदमों की ताजा स्थिति की जानकारी भी की जा रही है। संकेत हैं कि वीडियो फुटेज व बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे कार्रवाई तय होगी। सीओ प्रथम इतना ही बताते हैं कि अभी जांच जारी है। जांच के आधार पर आगे कार्रवाई तय होगी। ब्यूरो