शरद पूर्णिमा पर गंगा स्नान करने वाले श्रद्धालुओं के लिए सोमवार को अलीगढ़-राजघाट-नरौरा स्पेशल ट्रेन का संचालन किया गया। प्रयागराज मंडल की ओर से विशेष ट्रेन के माध्यम से श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम एवं सुविधाजनक आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराई गई।
स्पेशल ट्रेन नंबर 04187 अप अलीगढ़-राजघाट नरौरा स्पेशल सुबह 5:40 बजे अलीगढ़ स्टेशन से राजघाट नरौरा के लिए रवाना हुई। इस विशेष ट्रेन में लगभग 475 यात्रियों ने यात्रा की। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पूछताछ केंद्र के माध्यम से आवश्यक जानकारी एवं मार्गदर्शन दिया गया। स्टेशन परिसर में भीड़ नियंत्रण, यात्री आवागमन एवं सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी की गई।
प्रयागराज मंडल के जनसंपर्क प्रबंधक अधिकारी अमित सिंह ने बताया कि स्पेशल ट्रेन नंबर 04188 डाउन राजघाट नरौरा-अलीगढ़ स्पेशल निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सुबह 9:48 बजे अलीगढ़ स्टेशन पहुंची। इस ट्रेन में लगभग 1000 यात्रियों ने यात्रा की। प्रयागराज मंडल की ओर से त्योहारों पर स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है। ब्यूरो