अलीगढ़ जंक्शन पर स्पेशल ट्रेन से उतरते प्रवासी मजदूर।
- फोटो : CITY OFFICE
कोरोना महामारी के चलते देशव्यापी लॉक डाउन के दौरान गुजरात में फंसे उत्तर प्रदेश के श्रमिकों को स्पेशल ट्रेन से मंगलवार को अलीगढ़ जंक्शन लाया गया। अपनी धरती पर कदम रख मजदूरों के चेहरे खिल गए। हालांकि, रास्ते में हुई अव्यवस्थाओं को लेकर उन्होंने गुजरात सरकार से लेकर अधिकारियों को भी खूब कोसा। जिला प्रशासन के मुताबिक बड़ौदा से आई ट्रेन में 1808 मजदूर वापस लौटे। इनमें से 38 अलीगढ़ के थे। इन सभी को आईटीएम कालेज में क्वारंटीन किया गया। साथ ही अन्य जिलों के मजदूरों को उनके संबंधित जिलों के लिए रोडवेज बसों के माध्यम से रवाना किया गया।
अपर जिलाधिकारी नगर राकेश कुमार मालपाणी ने बताया कि ट्रेन अलीगढ़ जंक्शन पर निर्धारित सुबह सात से बजे की बजाय एक घंटे की देरी से आठ बजे अलीगढ़ पहुंची। प्रदेश के कुल 53 जिलों के श्रमिकों को 55 से अधिक बसों के जरिये रवाना किया गया। बसों में खाने और पीने की व्यवस्था की गई थी। इस व्यवस्था में राजकीय रेलवे पुलिस, रेलवे सुुरक्षा बल, रोडवेज प्रशासन, जिला प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग का योगदान रहा। मानव उपकार संस्था के पदाधिकारी और सदस्य भी सेवा में रहे।