पात्र नागरिक फॉर्म-6 भरकर करा सकेंगे पंजीकरण
अलीगढ़। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर मतदाता सूची में छूटे हुए पात्र नागरिकों और युवा मतदाताओं के नाम जोड़ने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत 17 और 24 अक्टूबर को प्रत्येक बूथ पर विशेष कैंप लगाए जाएंगे।
उन्होंने नागरिकों से अपील की कि कैंप में पहुंचकर अपने और परिवार के सभी पात्र सदस्यों के नाम मतदाता सूची में दर्ज होने की पुष्टि करें। यदि किसी पात्र व्यक्ति का नाम सूची में नहीं है, तो वह फॉर्म-6 भरकर पंजीकरण के लिए आवेदन करे।
डीएम ने कहा कि लोकतंत्र में भागीदारी के लिए प्रत्येक पात्र नागरिक का मतदाता सूची में नाम होना जरूरी है। इसलिए सभी लोग इस अभियान का लाभ उठाएं और अपने मताधिकार से जुड़ी प्रक्रिया पूरी करें।