सपा के वरिष्ठ प्रवक्ता राजकुमार भाटी द्वारा दिए गए विवादित बयान के विरोध में मंगलवार को खैर क्षेत्र में जाट एवं ब्राह्मण समाज के युवाओं ने प्रदर्शन किया। युवाओं ने ब्लॉक कॉलोनी से रैली निकालकर गांव तंत्री के पास भाटी का पुतला दहन किया। इस दौरान राज कुमार भाटी मुर्दाबाद के नारे लगाए।
बता दें कि पांच मई को दिल्ली स्थित जवाहर भवन में आयोजित एक सभा में भाटी ने ब्राह्मण और जाट समाज को लेकर विवादित टिप्पणी की थी। इसके बाद क्षेत्र में जाट और ब्राह्मण समाज के लोगों में भारी आक्रोश देखा गया। युवा नेता अभिषेक चौधरी ने कहा कि अगर प्रदेश सरकार इस मामले में कार्रवाई नहीं करती है तो युवा सड़कों पर उतरकर आंदोलन करेगा।
वहीं भाजपा कार्यकर्ता मुकेश सूर्यवंशी ने कहा कि इस बयान से सपा की महिलाओं और ब्राह्मण समाज के प्रति सोच उजागर होती है। मौके पर सत्येंद्र सिंह, बहादुर सिंह, रविंद्र शर्मा, कर्मवीर शर्मा, राजू, अजीत सिंह, रोहित चौधरी, बॉबी चौधरी, शिवकुमार, दीपक कुमार आदि मौजूद रहे।