स्वास्थ्य सेवाओं में राजनीति किस कदर हाबी हो सकती है, इसका उदाहरण बुधवार को सामने आया। सपाइयों ने मलखान सिंह जिला अस्पताल पहुंच कर एक नि:शुल्क एंबुलेंस सेवा का शुभारंभ कराना चाहा तो अफसरों ने हाथ खड़े कर दिए।
एंबुलेंस पर सपा का जिक्र था। इसलिए अफसर डर गए थे, कहीं सपा का साथ देने पर उन पर शासन स्तर पर कार्रवाई न हो जाए। इसलिए एक नि:शुल्क एंबुलेंस सेवा से अधिकारियों ने खुद को अलग कर लिया। इसके बाद सपाइयों ने खुद ही इस सेवा का लोकार्पण किया।
सपा महानगर महासचिव मनोज यादव ने बताया कि व्यापार सभा ने पूर्व में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से इस एंबुलेंस सेवा को शुरू करने को कहा था। जिस पर अधिकारी राजी हो गए थे। बुधवार को एंबुलेंस लेकर सपाई जिला अस्पताल पहुंचे तो उस पर सपा का जिक्र देख कर अधिकारी पीछे हट गए।
अधिकारियों ने कहा कि वह एंबुलेंस को स्वास्थ्य विभाग को दान कर दें। विभाग अपने स्तर पर संचालन करेगा। इसके बाद सपाइयों ने खुद ही इस सेवा का लोकार्पण किया। इस दौरान पुलिस फोर्स भी पहुंच गई थी। कुछ देर के लिए हंगामा और कहासुनी भी हुई। जिस पर पुलिस ने बीचबचाव कराया।
सपा व्यापार सभा के प्रदेश उपाध्यक्ष अतीत अग्रवाल ने बताया एंबुलेंस सभी को नि:शुल्क सेवा प्रदान करेगी। व्यापार सभा के जिलाध्यक्ष नवीन गुप्ता पिंटू, जिला महासचिव हरिकिशन वार्ष्णेय के सहयोग से इसकी शुरुआत हुई थी। अतीत ने कहा कि एंबुलेंस सेवा के लिए उस पर मोबाइल नंबर अंकित हैं, इन नंबर पर फोन करते ही वाहन जरूरतमंद तक तुरंत पहुंचेगा।
एंबुलेंस का शुभारंभ अतीत अग्रवाल, सपा जिलाध्यक्ष गिरीश यादव, महानगर अध्यक्ष अब्दुल हमीद घोसी, मुकेश माहेश्वरी, मनोज यादव, नवीन गुप्ता, हरिकिशन वार्ष्णेय, आशीष मोहन यादव ने किया। इस अवसर पर ठा. अजयपाल सिंह, शशांक वार्ष्णेय, अविनाश यादव, मनीष शर्मा, हरीश चौधरी, हसरुद्दीन, सद्दाम, टिंकू वार्ष्णेय, साजिब खान, मोहम्मद फैजान, मोहम्मद नावेद आदि मौजूद रहे।