सपा में अब कोई ‘बाहरी’ नहीं है: रामगोपाल
- फोटो : amar ujala
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव रामगोपाल यादव ने कहा है कि पार्टी में अब कोई बाहरी नहीं है सभी अंदरूनी हैं। पार्टी में सब ठीक चल रहा है। कहीं कोई बात नहीं है। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि वह 26 सितंबर के मंत्रिपरिषद विस्तार कार्यक्रम में शामिल नहीं होंगे।
रामगोपाल यादव शनिवार को अलीगढ़ में सपा के प्रदेश सचिव मुहाजिद किदवई की बेटी की शादी में शामिल होने आए थे। इस अवसर पर पत्रकारों से बचाने की मुद्रा में नजर आए रामगोपाल केवल अभिवादन करके विदा लेना चाहते थे लेकिन पत्रकारों ने जब सवाल पूछे तो फिर वह संवाद की मुद्रा में आए।
उड़ी सेक्टर में सेना पर हुए आतंकी हमले पर उन्होंने कहा कि देश की सुरक्षा एक बड़ा मुद्दा है। इस पर बात करने के लिए लंबा समय चाहिए। बडे़ बड़े लोग इस बात पर चर्चा कर रहे हैं। वह तो यहां पर बेटी को आशीर्वाद देने आए हैं, इसलिए इस मौके पर कोई राजनीतिक बात नहीं। उन्होंने कहा कि 26 सितंबर को लखनऊ में होने वाले मंत्रियों के शपथ ग्रहण कार्यक्रम में वह शामिल नहीं होंगे। जब उनसे पूछा गया कि पार्टी में उनके समकक्ष किसी को खड़ा कर दिया गया है तो वह केवल मुस्कुराभर दिए।
उन्होंने बताया कि दिल्ली, अमरोहा, फिर इटावा जाने का कार्यक्रम है। टिकट बंटवारे को लेकर पार्टी में कोई मतभेद नहीं है। गौरतलब है कि कुछ दिनों पहले रामगोपाल यादव ने कहा था कि एक आदमी पार्टी को बर्बाद करने पर आमादा है। वह नेताजी के सरल व्यवहार का फायदा उठाकर काम करवा रहा है।
इस अवसर पर कमिश्नर सुभाष चंद्र शर्मा, जिलाधिकारी राजमणि यादव, सपा के जिलाध्यक्ष अशोक यादव, पूर्व महानगर अध्यक्ष अज्जू इसहाक, एडीए के वीसी एनके पालीवाल आदि मौजूद थे।