फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

यूपी: बीबी के सामने मां पर किया चाकुओं से कई वार, मौत

Tue, 03 Sep 2019 08:50 PM IST
अलीगढ़ ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़
विज्ञापन
मां पर चाकू से हमला (सांकेतिक तस्वीर) - फोटो : Social Media (File Photo)
विज्ञापन

महानगर के रामघाट रोड इलाके में पीएसी से सटी राज एन्कलेव कॉलोनी में मंगलवार दोपहर खाद्य तेल कारोबारी के बेटे ने अपनी मां का चाकुओं से गोदकर कत्ल कर दिया। कारोबारी का बेटा घर में आया और मां से विवाद करते-करते उसकी हत्या कर फरार हो गया। खबर पर पहुंचे पिता और छोटे बेटे ने घायल महिला को जेएन मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, मगर उसे मृत घोषित कर दिया गया। इस हत्या के मूल में बेटे को घर से बेदखल करना और पारिवारिक कलह होना निकलकर आ रहा है। फिलहाल पुलिस आरोपी बेटे की तलाश में जुटी है।

विज्ञापन


मूल रूप से डिबाई बुलंदशहर के गौतम सिंह का यहां तालानगरी में खाद्य तेल (रिफाइंड) उत्पादन का कारखाना है। वह अपनी पत्नी मालती देवी (45) और छोटे बेटे लक्की संग क्वार्सी क्षेत्र की राज एन्कलेव कॉलोनी में पुलिसकर्मी जगपाल सिंह के मकान में चार महीने पहले ही किराये पर रहने आए थे। बड़ा बेटा सौरभ उर्फ सोनू और उसकी बीवी डॉली आरएएफ कॉलोनी में किराये पर रहते हैं। अक्सर बहू डॉली सास ससुर से मिलने राज एन्कलेव वाले घर पर आ जाया करती थी। इसी क्रम में दो दिन पहले ही डॉली बच्चों को लेकर सास के पास आ गई थी।

मंगलवार दोपहर गौतम सिंह फैक्ट्री गए हुए थे, जबकि छोटा बेटा कोचिंग गया था। मालती देवी अपनी बहू और बच्चों संग घर में मौजूद थे। तभी ढाई बजे करीब बड़ा बेटा सौरभ घर पर आया और मां को घर के दरवाजे से खींचता हुआ कमरे के अंदर ले गया। दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई। इसके बाद सौरभ ने मां के पेट में चाकू से एक के बाद एक कई वार किए और घर से भाग गया। सौरभ की पत्नी डॉली ने सास को खून से लथपथ देखकर ससुर और देवर को फोन पर सूचना दी।
विज्ञापन


खबर पर दौड़े आए बाप-बेटे मालती को जेएन मेडिकल कालेज लेकर गए। यहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हत्या की खबर पर एसपी सिटी अभिषेक, सीओ अनिल समानिया, इंस्पेक्टर क्वार्सी विनोद कुमार आदि मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम को भी बुला लिया गया। जांच पड़ताल के बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा दिया गया। 

विज्ञापन

एक साल पहले किया था बेदखल

कारोबारी गौतम सिंह ने पुलिस पूछताछ में बताया कि बड़ा बेटा सौरभ शराब की आदी था। बात-बात पर लड़ाई झगड़ा करता था। इसी बात से परेशान होकर उसे परिवार से बेदखल कर दिया था। वह अपने बच्चों और बीवी को लेकर अलग किराये पर रहता है। अक्सर उसकी पत्नी डॉली बच्चे को लेकर घर आती-जाती रहती है। बहू दो दिन पहले ही घर पर आई थी। हत्या के वक्त वही घर पर मौजूद थी।

बहू ने कहा ससुर के चाल चलन के कारण था विवाद

पुलिस पूछताछ में हत्यारोपी सौरभ की पत्नी डॉली ने बताया कि ससुर किसी महिला से बातचीत करते हैं। यह बात पति को पसंद नहीं थी। उन्होंने सास को भी इसकी जानकारी दी थी। मगर, सास उल्टा उनको ही डांट फटकार दिया करती थीं।

इधर, पुलिस को मृतका के छोटे बेटे लक्की ने बताया है कि भाभी डॉली का मां के साथ मंगलवार रात को विवाद हुआ था। इस विवाद की बात उन्होंने अपने पति को बता दी। शायद इसी बात से वह गुस्से में आया और मां को मौत के घाट उतार दिया। लक्की ने बताया कि सौरभ मां से जेवर मांग रहा था, लेकिन मां मना कर रही थी। 

हत्या के मूल में पारिवारिक कलह की बात सामने आ रही है। महिला के पति, छोटे बेटे और बहू से पूछताछ जारी है। आरोपी सौरभ उर्फ सोनू फरार है। परिवार की ओर से तहरीर मिलते ही मुकदमा दर्ज किया जाएगा- अनिल समानिया, सीओ सिविल लाइंस
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें