गोधा थाना क्षेत्र के गांव इस्मालपुर में झगड़े के दौरान एक युवक ने अपने पिता के सिर पर ईंट मार दी। इससे पिता गंभीर रूप से घायल हो गया। परिवार वाले उन्हें इलाज के लिए दिल्ली ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही घायल ने दम तोड़ दिया। मामले में आरोपी पुत्र समेत उसकी पत्नी और ससुर के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज हुई है।
इस्माइलपुर निवासी चंद्रपाल सिंह पुत्र भूप सिंह के अनुसार, 7 सितंबर की शाम करीब छह बजे उनके भाई ज्ञान सिंह अपने घर पर खाना खा रहे थे। उसी समय ज्ञान सिंह का लड़का यतेंद्र अपनी पत्नी मधू देवी व ससुर सुरेश मिस्त्री निवासी काजिमपुर के साथ घर पर आ गए।
उक्त लोगों ने ज्ञान सिंह पर ईंट व डंडे से हमला कर दिया। यतेंद्र ने अपने पिता के सिर पर ईंट मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। शोर सुनकर आसपास के लोग पहुंचे तो तीनों आरोपी धमकी देते हुए भाग निकले।
परिवार वाले ज्ञान सिंह को अलीगढ़ शहर के एक निजी अस्पताल ले गए जहां से उन्हें दिल्ली रेफर कर दिया गया। दिल्ली ले जाते समय रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। चंद्रपाल की तहरीर पर तीनों आरोपियों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।