श्री मुरारीलाल माहेश्वरी मंडल स्तरीय वाद-विवाद प्रतियोगिता में युवा वक्ताओं के विचारों में जहां सामाजिक ताना-बाना को बनाए रखने की संवेदनाएं थीं। वहीं, कुछ प्रतिभागियों का सोशल मीडिया पर प्रतिबंध तो नहीं, लेकिन अंकुश जरूरी है, पर जोर रहा।
प्रतियोगिता में अलीगढ़ के अनुभव पहले, हाथरस की ऋतु दूसरे व अलीगढ़ के चैतन्य हरि तीसरे स्थान पर रहे। प्रतियोगिता का शुभारंभ कोल विधायक अनिल पाराशर व ज्ञान महाविद्यालय के चेयरमैन दीपक गोयल ने दीप प्रज्ज्वलन करके किया, जबकि एसपी क्राइम डॉ. अरविंद कुमार ने प्रतिभागियों को इनाम के चेक व प्रशस्ति पत्र प्रदान किए।
मंगलवार को आगरा रोड स्थित ज्ञान महाविद्यालय में श्री मुरारीलाल माहेश्वरी मंडल स्तरीय वाद-विवाद प्रतियोगिता हुई, जिसका विषय ‘सोशल मीडिया पर प्रतिबंध देशहित में जरूरी है’ रहा। प्रतियोगिता में एटा, कासगंज, हाथरस व अलीगढ़ में आयोजित जिला स्तरीय वाद-विवाद प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान पर आने वाले प्रतिभागी शामिल हुए। दीप प्रज्ज्वलन के बाद प्रतियोगिता का आगाज हुआ। ज्ञान महाविद्यालय अलीगढ़ के छात्र चैतन्य हरि विषय के विपक्ष में कहा कि सोशल मीडिया पर प्रतिबंध नहीं होना चाहिए, बल्कि इससे उपजने वाली समस्याओं के समाधान की जरूरत है। सोशल मीडिया से कॅरियर भी बना है। सोशल मीडिया को कैसे प्रयोग करें यह लोगों पर निर्भर करता है।
शारदा जौहरी महाविद्यालय कन्या महाविद्यालय कासगंज की छात्रा आयुषी भारद्वाज ने कहा कि सरकार ने 225 मामलों पर कार्रवाई की है, जो सोशल मीडिया पर राष्ट्रीय एकता को तोड़ने व देश के नियम कानून का उल्लंघन करने की टिप्पणी की गई थी। एसके कॉलेज एटा के छात्र विक्रम यादव ने कहा कि सोशल मीडिया से चुनाव प्रभावित किया जाता है। आतंकवाद को बढ़ावा मिलता है। फेसबुक पर वही चिपके होते हैं, जिनके वास्तविक मित्र नहीं होते। सोशल मीडिया पर प्रतिबंध तो नहीं, अंकुश जरूरी है। केएपीजी कॉलेज कासगंज की छात्रा मंदीप कौर ने कहा कि सोशल मीडिया पर प्रतिबंध नहीं होना चाहिए, क्यों कि ऑनलाइन बाजार इसी की कड़ी है। सोशल मीडिया का प्रयोग करें, लेकिन संभलकर।
श्याम बिहारी इंस्टीट्यूट एटा की भावना यादव ने सोशल मीडिया पर प्रतिबंध जरूरी है, के पक्ष में कहा कि सोशल मीडिया की देन है, कि कोई भी एक क्लिक में स्टार्ट अप, मेक इन इंडिया जैसी योजनाओं को समझ व लाभ ले सकते हैं। इनके अलावा अन्य प्रतिभागियों ने विचार रखे। इसमें एलआरएसएल कॉलेज अतरौली (अलीगढ़) के अनुभव पहले, हाथरस की ऋतु दूसरे व अलीगढ़ के ही चैतन्य हरि तीसरे स्थान पर रहे।
पहले स्थान पर रहे अनुभव को 7 हजार रुपये, दूसरे स्थान पर रहीं ऋतु को 5 हजार रुपये व तीसरे स्थान पर रहे चैतन्य हरि को 2 हजार रुपये बतौर इनाम दिए गए। एटा की भावना भारद्वाज व अलीगढ़ के हिमांशु रावत को सांत्वना पुरस्कार के रूप में 1500-1500 रुपये के चेक दिए गए। निर्णायक मंडल में प्रख्यात साहित्यकार डॉ. प्रेमकुमार, मशहूर गजलकार सुरेश कुमार, अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी के ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट ऑफिसर जनरल साद हमीद रहे।
प्रतियोगिता में तीसरे स्थान पर आये ज्ञान महाविद्यालय के छात्र चैतन्य हरि।- फोटो : CITY OFFICE
प्रतियोगिता में प्रथम स्थान पर आये अतरौली एलआरएसएल कॉलेज के छात्र अनुभव।- फोटो : CITY OFFICE
मंचासीन निर्णायक टीम डा. प्रेम कुमार, सुरेश कुमार व डा. साद हमीद।- फोटो : CITY OFFICE
मंडलीय वाद विवाद प्रतियोगिता कार्यक्रम में उपस्थित प्रतिभागी व अन्य बच्चे।- फोटो : CITY OFFICE
मंडलीय वाद विवाद प्रतियोगिता कार्यक्रम में उपस्थित प्रतिभागी व अन्य बच्चे।- फोटो : CITY OFFICE