इगलास क्षेत्र के भाजपा विधायक राजकुमार सहयोगी व एसओ गोंडा मारपीट मामले में निलंबित हुए एसओ अनुज सैनी का बहाली के बाद कासगंज तबादला कर दिया गया है। यह तबादला रेंज मुख्यालय यानी आईजी स्तर से किया गया है। शनिवार देर रात एसएसपी को तबादला आदेश मिलने पर अनुज सैनी की रवानगी की तारीख भी तय कर दी गई है। रविवार को कासगंज के लिए रवाना हो जाएंगे।
पिछले माह गोंडा थाने में विधायक व तत्कालीन एसओ के बीच मारपीट का मामला सुर्खियों में आया था। इस घटना पर तत्काल संज्ञान लेते हुए शासन ने तत्कालीन एसओ अनुज सैनी को निलंबित कर एसपी देहात का तबादला कर दिया था। शासन में आईजी से अगले 24 घंटे में रिपोर्ट तलब की थी। हालांकि अभी तक उस रिपोर्ट पर शासन स्तर से किसी तरह का निर्णय नहीं लिया गया।
मगर, अनुकंपा अनुरोध के आधार पर अनुज सैनी को पिछले दिनों एसएसपी स्तर से बहाल कर दिया गया। वहीं उनके खिलाफ जांच अभी एसपी सिटी स्तर से लंबित है।
इधर, अब आईजी रेंज पीयूष मोर्डिया ने अनुज सैनी के बहाल होने पर उनका यहां से कासगंज जनपद के लिए तबादला कर दिया है। इसके पीछे वजह मानी जा रही है कि यहां रहकर भाजपाइयों के निशाने पर रह सकते हैं। इसलिए उनका यहां से कासगंज के लिए तबादला कर दिया गया है।
इधर, शनिवार देर रात तबादला आदेश जिला मुख्यालय यानी एसएसपी के यहां पहुंचने पर उनकी रवानगी की तारीख तय कर दी गई है। वह रविवार को रवाना हो जाएंगे। उनका तबादला किए जाने की पुष्टि आईजी पीयूष मोर्डिया स्तर से व उनको यहां से रिलीव किए जाने की पुष्टि एसएसपी मुनिराज जी स्तर से की गई है।