उत्तर प्रदेश सरकार के 2021-22 के बजट में सूबे की दस स्मार्ट सिटी के लिए 2000 करोड़ रुपये एवं अमृत मिशन में 2200 करोड़ रुपये प्रस्तावित है। इससे स्मार्ट सिटी एवं अमृत मिशन के काम में तेजी आने की उम्मीद है। शहर में 1511.97 करोड़ रुपये की परियोजनाओं पर काम चल रहा है।
वर्ष 2018 से शुरू हुई स्मार्ट सिटी योजना के लिए 1000 करोड़ रुपये का बजट प्रस्तावित है। स्मार्ट सिटी अलीगढ़ के सीईओ प्रेम रंजन सिंह ने बताया कि पिछले तीन साल में करीब 152 करोड़ रुपये खर्च हुए हैं, जबकि स्मार्ट सिटी लि. को 300 करोड़ रुपये प्राप्त हो चुके हैं। उक्त राशि खर्च होने के बाद और बजट जारी होगा। वहीं, शहर में अमृत योजना के अंतर्गत घर-घर शुद्ध पानी पहुंचाने के लिए पाइप लाइन बिछाने का काम चल रहा है। 309.07 करोड़ रुपये की चार परियोजनाओं पर काम चल रहा है।
अभी तक 140.84 करोड़ रुपये खर्च हुए हैं। साल की समाप्ति तक जलापूर्ति से संबंधित चारों परियोजनाएं पूरी होनी है। सीवरेज प्रबंधन के लिए मथुरा रोड पर प्लांट लगाने का काम चल रहा है। 202.90 करोड़ रुपये की यह परियोजना है, जिसमें से 91.64 करोड़ रुपये खर्च हुए हैं। अधिकारियों का कहना है कि 2021-22 के बजट में अमृत मिशन के लिए 2200 करोड़ रुपये प्रस्तावित है। इससे यहां के काम में तेजी आने की उम्मीद है।