व्यापारियों ने उठाई गंभीरता से जांच की मांग
इस विषय में इस कारोबार से जुड़े व्यापारी हरीबाबू गुप्ता, अमित अग्रवाल, राजीव अग्रवाल, गौरव अग्रवाल आदि पुलिस व बांट-माप अधिकारियों से मिले। उन्होंने शहर के धर्मकांटों की गंभीरता से जांच का अनुरोध किया। पुलिस अधिकारियों व बांट-माप अधिकारियों ने उन्हें इस मामले में कार्रवाई का भरोसा दिया है।
पुलिस मांग रही बांट-माप विभाग से पूरा विवरण
इस विषय में सीओ प्रथम एएसपी मयंक पाठक ने बताया कि हमारा फोकस स्क्रैप चोरी के खुलासे में है। साथ में व्यापारियों द्वारा दी गई जानकारी व पकड़े गए आरोपियों से मिले साक्ष्यों में अन्य कई ट्रेडों में भी माल चोरी का अंदेशा है। बांट-माप विभाग से धर्मकांटों का पूरा विवरण मांगा जा रहा है। उसी आधार पर जांच आगे बढ़ाई जाएगी।
चोरी में शामिल दो धर्मकांटे किए सील
इस मामले में बांट-माप विभाग की टीम ने कार्रवाई शुरू करते हुए स्क्रैप चोरी में शामिल धर्मकांटे सहित दो कांटों पर सील ठोक दी है। सोमवार को खुद बांट-माप की टीम ने पुलिस के साथ धर्मकांटों पर पहुंचकर यह कार्रवाई की। साथ में दो अन्य धर्मकांटों को नोटिस जारी किया गया है।
इस संबंध में वरिष्ठ बांट माप निरीक्षक प्रदीप कुमार बताते हैं कि सोमवार को पुलिस के साथ जलालपुर स्थित सांवरिया धर्मकांटे पर पहुंचे। इसी कांटे पर सबसे पहले स्क्रैप चोरी के बाद वजन पूरा दिखाने का आरोप लगा था। जहां जांच में वायरिंग से छेड़खानी होना पाया गया। इसमें चिप लगने की पुष्टि हुई। साथ में वहां स्टाफ ने बताया कि शोर मचने के बाद लगाई गई सील निकालकर फेंक दी गई। इस बयान के आधार पर धर्मकांटे को सील कर दिया गया। इसी धर्मकांटे के पास एक अन्य गंगा धर्मकांटा बिना प्रमाणन के चलता पाया गया। उस पर भी सील लगा दी गई। इसके अलावा चरखवालान इलाके के इंडिया धर्मकांटा व अशर्फी धर्मकांटा पर मानकों के अनुसार बांट आदि न होने पर उनका चालान किया गया है। इस विषय में प्रदीप कुमार बताते हैं कि जिन पर सील लगाई गई है। उन पर हम विभागीय प्राथमिकी अलग से दर्ज करेंगे। उसमें कोर्ट में रिपोर्ट दी जाएगी। बाकी पुलिस अपना काम अलग कर रही है।
ट्रकों से चोरी करने वाले सिंडिकेट के दो सदस्य भेजे जेल, कई रडार पर
ठोस आयरन स्क्रैप में माल की चोरी करने वाले सिंडिकेट के दो सदस्यों को पुलिस ने सोमवार को जेल भेज दिया। उनसे पूछताछ के आधार पर काफी अहम सुराग मिले हैं। इसके आधार पर मेरठ के चिप लगाने वाले व हाथरस के माल खरीदार की जांच की जा रही है।
देहली गेट गूलर रोड के ऑयल मिल कंपाउंड के अमित अग्रवाल ने रोरावर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसमें कहा था कि उनके फर्म पर पुणे से स्क्रैप लाने वाले ट्रकों से लाखों का माल चोरी हो रहा था, लेकिन जलालपुर के सांवरिया धर्मकांटे पर चिप के जरिये माल का वजन पूरा बताया जा रहा था। यह चोरी एक सिंडिकेट मिल कर कर रहा था। इस मामले में रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस ने ट्रक चालक आगरा ग्वालियर रोड सेवला सराय के बनी सिंह व धर्मकांटे के मुंशी कन्नौज गोसाईगंज रमपुरवा के श्यामविहारी मिश्रा उर्फ बबलू पंडित को हिरासत में लिया गया। उन्होंने माल चोरी कर हाथरस के चंदपा क्षेत्र के एक कोल्ड स्टोर पर बेचने व धर्मकांटे में चिप लगा होना स्वीकारा।
उनसे पूछताछ के आधार पर एक अन्य ट्रक चालक हाथरस सादाबाद के कोठी बढ़ार के दिनेश व माल खरीदने वाले सादाबाद के मो. आरिफ का नाम प्रकाश में आया। उनके भी चोरी में शामिल होने की पुष्टि हुई है। इसके अलावा आधा दर्जन अन्य ट्रक चालकों के नाम मिले हैं। पूछताछ के आधार पर बनी सिंह व श्याम विहारी को सोमवार को जेल भेज दिया गया। सीओ प्रथम मयंक पाठक के अनुसार इस मामले में आगे की जांच जारी है, जो तथ्य प्रकाश में आएंगे, उसके अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
इन दोनों पर भी जांच जारी
जांच में यह भी उजागर हुआ है कि मूल रूप से मेरठ का सरफराज क्वार्सी के वहीद नगर रेडियो कॉलोनी में रहता है। वह धर्मकांटों में चिप लगाता है। उसके विषय में पिछले दिनों कुछ कांटों से चिप निकालने की जानकारी है। सांवरिया धर्मकांटे के स्वामी हरीश उर्फ बंटी की भूमिका भी संदिग्ध है। इन दोनों की पुलिस की नजर है।
इन ट्रेडों में चोरी
- 500 टन स्क्रैप में से हर दिन चोरी
- 700 टन लोहा में से हर दिन चोरी
- 150 टन बालू-मोरंग-बदरपुर से चोरी
(कई टन कोयला, पीतल-एल्यूमीनियम की भी की गई चोरी)
ये भी जानें
- तीन टन तक की चोरी हर माल से एक ट्रक से
- चोरी किया माल अलग अलग जगह बिकता
- 150 धर्मकांटे जिले में अब तक हैं पंजीकृत
- आठ से अधिक धर्मकांटे संदेह के दायरे में आए
- एक वर्ष से अधिक समय से चोरी का है अनुमान