आजमगढ़ से दिल्ली जा रही कैफियत एक्सप्रेस में मां व भाइयों के साथ यात्रा कर रही नौ वर्षीय एक बच्ची के साथ पेंट्रीकार के एक वेंडर ने छेड़छाड़ की। बच्ची के चीखने-चिल्लाने पर आरोपी भागने लगा लेकिन अन्य यात्रियों ने उसे दबोच कर जीआरपी सुरक्षा दस्ते के हवाले कर दिया।
बच्ची की मां की शिकायत पर अलीगढ़ जीआरपी थाने में रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। जीआरपी के प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र कुमार द्विवेदी के अनुसार, आजमगढ़ की रहने वाली एक महिला जनपद बुलंदशहर में स्वास्थ्य विभाग में कार्यरत हैं। वह रक्षाबंधन पर बच्चों के साथ अपने पैतृक घर गई थीं। वापसी में वह अपने दो बेटों व एक नौ वर्षीय बेटी के साथ ट्रेन संख्या 12225 कैफियत एक्सप्रेस में कोच संख्या एस-03 में अलीगढ़ स्टेशन तक सफर कर रही थीं।
महिला रात में एक बेटे के साथ एक बर्थ पर थीं जबकि बेटी दूसरे बेटे के साथ दूसरी बर्थ पर सो रही थी। ट्रेन रात करीब तीन बजे इटावा स्टेशन से आगे बढ़ी। आरोप है कि ट्रेन की पेंट्रीकार में कार्यरत वेंडर अलीगढ़ के थाना गांधीपार्क, नौरंगाबाद छावनी निवासी विशाल चौहान ने बच्ची को अकेला देखा। वह बच्ची के पास लेट गया और छेड़छाड़ करने लगा। बच्ची की आंख खुली तो उसने विरोध करते हुए शोर मचाया। आसपास के यात्री व ऊपर की बर्थ पर सो रही मां की आंख खुल गई। इस पर आरोपी वेंडर वहां से भागने लगा मगर अन्य यात्रियों ने उसे पकड़ लिया।
जीआरपी एस्कॉर्ट ने आरोपी को हिरासत में ले लिया। मां ने तुरंत ही घटना की सूचना महिला हेल्पलाइन नंबर 1090 पर भी दे दी। ट्रेन के अलीगढ़ स्टेशन पहुंचने पर आरोपी को नीचे उतार लिया गया। पीड़ित बच्ची की मां की तहरीर पर आरोपी विशाल चौहान के खिलाफ छेड़छाड़ व पॉक्सो एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज की गई है।
ट्रेन में छेड़छाड़ के मामले
इस वर्ष ट्रेन में नाबालिग से छेड़छाड़ की अब तक दो एफआईआर अलीगढ़ जीआरपी थाने में दर्ज हो चुकी हैं। इससे पहले 14 अगस्त 2026 को देहरादून एक्सप्रेस में नाबालिग से छेड़छाड़ करने पर आरोपी को जीआरपी ने गिरफ्तार किया था। वर्ष 2025 में भी ट्रेन में छेड़छाड़ का एक मामला अलीगढ़ जीआरपी थाने में दर्ज हुआ था।