12 नवंबर को इसी कंकाल की सूचना देकर पुलिस को बुलाया गया। मौके पर कंकाल और हत्या का हथियार भी मिला, लेकिन पुलिस, परिजनों द्वारा शिनाख्त का आधार न बताने पर यह कहकर लौट गई, तुम्हारा नहीं है तो जाने दो।
अलीगढ़ के हरदुआगंज थाना अंतर्गत जलाली क्षेत्र के गांव नगरिया भूड़ से दस दिन से गायब युवक दिनेश उर्फ अबनू (33) की हत्या कर शव शेखा झील के पास झाड़ियों में फेंक दिया गया। इस दौरान जंगली जानवर शव से मांस तक नोचकर खा गए। 13 नवंबर सुबह टी-शर्ट व चप्पलों से शव की पहचान की गई, तब टुकड़ों में बिखरे मिले कंकाल को समेटा गया। इस घटना पर ग्रामीणों ने जलाली चौकी पुलिस पर लापरवाही-संवेदनहीनता का आरोप लगाकर जाम लगाया और हंगामा किया। अधिकारियों के आश्वासन पर मामला शांत होने पर कंकाल को पोस्टमार्टम के लिए ले जाया गया। वहीं, चौकी में तैनात प्रभारी दरोगा प्रशांत और दरोगा सुरेंद्र को निलंबित कर दिया गया है।
विज्ञापन
गांव भूड़ नगरिया के देवेंद्र सिंह ने बताया कि तीन भाइयों में दूसरे नंबर का दिनेश उर्फ अबनू (33) खेतीबाड़ी करता था। तीन नवंबर को वह किसी सरकारी नौकरी के लिए फार्म भरने रोजगार कार्यालय गया था। वहां से शाम को करीब पांच बजे वापस आते समय उसने अपनी पत्नी ज्योति (अकराबाद में ब्यूटी पार्लर चलाती है) को फोन कर शेखा झील पर बुलाया था। पति के फोन पर ज्योति तो शेखा झील पहुंच गई, मगर वहां उसे पति नहीं मिला। फोन स्विच ऑफ आया तो चिंता होने पर ज्योति ने घर फोन कर जानकारी दी। इसके बाद अन्य भाइयों के साथ दिनेश की खोजबीन करते हुए पुलिस को खबर दी गई। मगर चौकी प्रभारी ने उनकी गुमशुदगी पांच नवंबर को दर्ज की। परिजनों का कहना है कि घटना के दिन दिनेश कई सीसीटीवी में दिखा था।
इधर, बुधवार को कुछ ग्रामीणों ने जब शेखा झील के पास झाड़ियों में मानव हड्डियां देखीं तो दरोगा ने यह कहकर टाल दिया कि ये दिनेश का शव नहीं। मगर बृहस्पतिवार को उसी जगह दिनेश की टी शर्ट व चप्पलों से परिवार ने शव की पहचान की। बाद में कंकाल रूपी शव कई टुकड़ों में मिला। इसी गुस्से में जाम लगाकर हंगामा किया। सीओ अतरौली राजीव द्विवेदी ने किसी तरह समझाकर परिवार को शांत किया। बाद में एसएसपी नीरज जादौन व विधायक ठा.रवेंद्र पाल सिंह भी आ गए। इसी मामले में एसएसपी ने चौकी प्रभारी दरोगा प्रशांत और दरोगा सुरेंद्र को निलंबित कर दिया है। मामले में लापरवाही बरतने और आमजनों से शालीन व्यवहार नहीं करने पर यह कार्रवाई की गई है। वहीं एसएचओ हरदुआगंज को चेतावनी दी गई है।
3 नवंबर से युवक लापता था, जिसकी 5 नवंबर को गुमशुदगी दर्ज हुई थी, उसे हत्या में तरमीम कर लिया गया है। परिजनों द्वारा कपड़ों से शिनाख्त की गई है। डीएनए टेस्ट भी कराया जाएगा, जांच रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। चौकी पर तैनात दो दरोगा को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक स्तर से निलंबित कर दिया गया है।-राजीव द्विवेदी, क्षेत्राधिकारी अतरौली