थाना क्वार्सी पुलिस ने गांजा तस्कर गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए दो महिलाओं सहित छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से 39 किलो गांजा, 105000 रुपये, एक अवैध तमंचा (315 बोर), एक कारतूस और एक खोखा बरामद हुआ है। पुड़िया बनाने के लिए 300 ग्राम खाली पॉलीथिन, दो स्टेपलर और पिन की डिब्बियां भी मिली हैं।
गिरफ्तार किए गए सभी आरोपी थाना क्वार्सी क्षेत्र के शहंशाहबाद, गली नंबर 10 के निवासी हैं। इनमें मुख्य आरोपी आफताब उर्फ कप्तान और उसकी पत्नी शहरीन, नबील, अब्दुल्ला, बिलाल व गुड़िया शामिल हैं।
एसपी सिटी आदित्य बंसल के मुताबिक पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे बाहरी राज्यों से सस्ते दामों पर गांजा मंगवाते थे। उनके साथी अन्य राज्यों से माल की सप्लाई देते थे। इसके बाद ये लोग छोटे-छोटे पैकेट (पुड़िया) बनाकर शहर के विभिन्न इलाकों में ऊंचे दामों पर बेचकर मुनाफा कमाते थे। पुलिस अब गिरोह के सदस्यों की तलाश में दबिश दे रही है। पकड़े गए आरोपियों का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड रहा है।
मुख्य आरोपी आफताब उर्फ कप्तान और नबील के विरुद्ध पहले से ही एनडीपीएस एक्ट, आर्म्स एक्ट और मारपीट जैसे कई गंभीर मामले दर्ज हैं। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट और आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने टीम को 25 हजार रुपये इनाम देने की घोषणा की है।