थाना क्षेत्र के एक गांव की महिला ने अपने पति और उसकी दूसरी पत्नी पर पेट्रोल छिड़क कर जिंदा जलाने के प्रयास का आरोप लगाया है। महिला ने एसएसपी कार्यालय में पति और उसकी दूसरी पत्नी के खिलाफ शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है। महिला का कहना है कि साहब! थाने में एक दरोगा कहता है कि यह हमारी जाति का मामला है, यहीं बैठकर समझौता कर लो। एसएसपी के आदेश पर पति और दूसरी पत्नी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। साथ ही मामले की जांच कर कार्रवाई के आदेश दिए हैं।
पीड़िता उमा भारती ने एसएसपी को दिए शिकायती पत्र में कहा है कि उसकी शादी जुलाई 2012 में गांव इरखिनी निवासी जीतू पुत्र श्री मोहन के साथ हुई थी। उसके पास दो बेटियां भी हैं। महिला का आरोप है कि पति ने उसके रहते हुए भी दूसरी शादी कर ली है। 21 जुलाई की रात करीब नौ बजे पति अपनी दूसरी पत्नी बीना को लेकर घर पर आया। आरोप है कि पति ने दूसरी पत्नी के साथ मिलकर उसके और दोनों बेटियों के साथ मारपीट कर पेट्रोल छिड़क कर जिंदा जलाकर मारने का प्रयास किया। पीड़िता का कहना है कि वह अपनी शिकायत लेकर थाने गई तो वहां एक दरोगा ने कहा कि मामला हमारी जाति का है, यहीं बैठकर समझौता कर लो। एसएसपी के आदेश पर पति और दूसरी पत्नी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। उन्होंने मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई के आदेश दिए हैं।