प्रोफेसर फैसल देवजी और डॉ अब्दुल कदीर
- फोटो : एएमयू
अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी (एएमयू) के संस्थापक सर सैयद अहमद खान की जयंती 17 अक्तूबर को मनाई जाएगी। इस बार बैलिओल कॉलेज ऑक्सफोर्ड विश्वविद्यालय में वैश्विक व राज्य संबंधी इतिहास के प्रोफेसर फैसल देवजी को अंतरराष्ट्रीय सैयद उत्कृष्टता पुरस्कार और शाहीन ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के चेयरमैन डॉ. अब्दुल कदीर को राष्ट्रीय सैयद उत्कृष्टता पुरस्कार से नवाजा जाएगा। पुरस्कार राशि के रूप में क्रमश दो लाख और एक लाख रुपये दिए जाएंगे।
सर सैयद अकादमी के निदेशक और पुरस्कार के निर्णायक संयोजक प्रो. शाफे किदवई ने बताया कि तंजानिया में जन्मे प्रो. देवजी ने येल, कॉर्नेल, हार्वर्ड और शिकागो विश्वविद्यालय जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में पढ़ाया है। उनका प्रभावशाली निबंध अपोलोजेटिक मॉडर्निटी 19वीं सदी के मुसलमानों की आधुनिकता के साथ सहभागिता पर सर सैयद अहमद खान और अलीगढ़ आंदोलन के संदर्भ में केंद्रित है।
डॉ. कदीर द्वारा 1989 में स्थापित शाहीन ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस समूह अब 13 भारतीय राज्यों में 20 हजार से अधिक छात्रों को शिक्षा प्रदान करता है। निर्णायक प्रो. आजरमी दुख्त सफवी, प्रो. अनीस उर रहमान, प्रो. एआर किदवई, प्रो. इम्तियाज हसनैन, प्रो. शाफे किदवई के प्रस्ताव को कुलपति प्रो. नईमा खातून ने अनुमोदित किया।