कलेक्ट्रेट स्थित जिला पूर्ति कार्यालय। अमर उजाला
- फोटो : samvad
एक तरफ घर में बेटी की शादी की तैयारियां, दूसरी तरफ रसोई की सबसे जरूरी व्यवस्था गैस सिलिंडर की किल्लत है। सबसे ज्यादा दिक्कतें उन परिवारों की है, जिनके घर में शादी है। जिला पूर्ति कार्यालय में आने वाले प्रार्थना पत्र में सिलिंडर दिलाने की गुहार लगाई जा रही है। एक पत्र में तो दुल्हन की मां ने लिखा- सर, बेटी की 30 अप्रैल को शादी है। हलवाई ने 12 सिलिंडर मांगे हैं।
जिला पूर्ति कार्यालय में रोजाना करीब 80 गैस सिलिंडर की मांग आ रही है। इनमें एक ऐसी मां की गुहार सबका ध्यान खींच रही है, जिसकी बेटी की शादी 30 अप्रैल को तय है। प्रार्थना पत्र में उन्होंने लिखा है कि शादी के आयोजन के लिए हलवाई ने 12 व्यवसायिक सिलिंडर की मांग की है, लेकिन मौजूदा हालात में इतने सिलिंडर जुटा पाना उनके लिए बेहद मुश्किल हो गया है।
उन्होंने अधिकारियों से गुहार लगाई है कि समय रहते सिलिंडर उपलब्ध कराए जाएं, ताकि बेटी की शादी में कोई बाधा न आए। यह एक बानगी है। इसी तरह के कई पत्र आवेदनों के साथ जिला पूर्ति अधिकारी के कार्यालय में पहुंच रहे हैं। शादी जैसे खुशियों के मौके पर इस तरह की परेशानी ने परिवारों की चिंता बढ़ा दी है। जहां एक ओर घरों में खुशियों की तैयारियां चल रही हैं, वहीं जरूरी संसाधनों की कमी लोगों की चिंता बढ़ा रही है।
वर्जन
वैसे गैस सिलिंडर की पर्याप्त उपलब्धता है। जिन घरों में वैवाहिक कार्यक्रम हैं, उनके घर वाले 10-12 सिलिंडर की मांग कर रहे हैं, फिर भी उनके लिए दो-दो सिलिंडर की व्यवस्था की जा रही है।
-सत्यवीर सिंह, जिला पूर्ति अधिकारी, अलीगढ़