दुबे का पड़ाव स्थित एक साड़ी के शोरूम में लहंगा पसंद करतीं महिलाएं।
- फोटो : samvad
सहालग के सीजन की शुरुआत के साथ ही शहर के बाजारों में खरीदारी का उत्साह बढ़ गया है। दुल्हनों से लेकर महिलाओं तक, सभी अपनी पसंद के परिधानों की खरीदारी में जुटी हैं। इस बार दुल्हनों के बीच रानी कलर का सिल्क लहंगा सबसे अधिक पसंद किया जा रहा है।
बाजार में इन लहंगों की कीमत पांच हजार रुपये से लेकर 50 हजार रुपये तक है। महिलाओं को डोला सिल्क और कश्मीना सिल्क साड़ियां भी खूब भा रही हैं। इनकी कीमत 1200 रुपये से लेकर आठ हजार रुपये तक है।
सूरत, कोलकाता और वाराणसी में तैयार होने वाले लहंगे और साड़ियों पर आकर्षक जरी, स्टोन और हैंडवर्क होने के कारण इनकी मांग अधिक है। साड़ी एवं लहंगा विक्रेता मोहित अरोरा ने बताया कि दुल्हनों में रानी कलर के सिल्क लहंगों की सबसे ज्यादा मांग है। नए डिजाइन और बेहतर कारीगरी वाले परिधानों की ओर ग्राहकों का विशेष रुझान देखने को मिल रहा है।