धनीपुर मंडी में आढ़तियों की दुकानों पर पड़ा गेहूं
- फोटो : संवाद
केंद्रों पर अव्यवस्था
धनीपुर मंडी स्थित क्रय केंद्र पर पहले दिन एक भी किसान गेहूं लेकर नहीं पहुंचा। केंद्र प्रभारी खुशबू के अनुसार खरीद शुरू नहीं हो सकी। गभाना तहसील के सोमना सहकारी समिति के नंबर एक व दो पर केंद्र अब तक चालू नहीं हो पाए हैं। कई स्थानों पर इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन, नमी मापक यंत्र, बोरे और बैनर तक नहीं लगे हैं। करनपुर, कौरह रूस्तमपुर, चंडौस, पिसावा और बरौली के केंद्रों की स्थिति भी ऐसी ही है।
शासन के निर्देश, जमीनी हकीकत अलग
शासन स्तर से क्रय केंद्रों पर इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन, नमी मापक, बोरे, पेयजल, शौचालय और छाया जैसी सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त केंद्र खोलने और खराब उपकरणों को तुरंत ठीक कराने को कहा गया है, लेकिन जमीनी स्तर पर व्यवस्थाएं अधूरी दिखीं।
पंजीकरण की शर्त भी बनी अड़चन
क्षेत्रीय खाद्य विपणन अधिकारी रतन कुमार शुक्ला ने बताया कि केवल उन्हीं किसानों का गेहूं खरीदा जाएगा, जिनका खाद्य विभाग की वेबसाइट पर पंजीकरण होगा। भुगतान आधार लिंक खाते में आरटीजीएस के माध्यम से किया जाएगा। ई-पॉश मशीन से बायोमैट्रिक सत्यापन के बाद ही खरीद होगी और सभी केंद्रों की जियो टैगिंग भी की जाएगी।
क्यों आढ़तियों की ओर जा रहे किसान?
- भुगतान में देरी
- नकद की तत्काल जरूरत
- क्रय केंद्रों पर अव्यवस्था
- पंजीकरण की अनिवार्यता