अतिक्रमण हटाते नगर निगम के कर्मी। संवाद
नगर निगम ने बुधवार को मामू-भांजा, बारहद्वारी और रसलगंज क्षेत्रों में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। इस दौरान मामू-भांजा बाजार में एक मोबाइल शॉप संचालक ने कार्रवाई का विरोध करते हुए अपनी दुकान के काउंटर पर लगे शीशे पर खुद ही हाथ मार दिया। इससे शीशा टूट गया और दुकानदार के हाथ में चोट लग गई।
इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर की निगरानी में मामू-भांजा, बारहद्वारी और रसलगंज क्षेत्रों में अतिक्रमण हटाने का अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान टीम ने सड़क और फुटपाथ पर कब्जा कर यातायात बाधित करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कई दुकानों और ठेलों का सामान जब्त किया।
नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश मीणा ने बताया कि एक मोबाइल शॉप संचालक ने नगर निगम की टीम को डराने के उद्देश्य से अपनी दुकान के काउंटर का शीशा स्वयं तोड़ लिया, जिससे वह घायल हो गया। नगर आयुक्त ने बताया कि मामू-भांजा में हुई घटना की पूरी वीडियोग्राफी कराई गई है।
उन्होंने कहा कि नगर निगम का उद्देश्य शहर को अतिक्रमण और जाम से मुक्त कराना है। यदि कोई व्यक्ति दोबारा अतिक्रमण करता है या कार्रवाई में बाधा डालने का प्रयास करता है तो उसके खिलाफ नगर निगम अधिनियम की संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।