मैरिस रोड पर शेयर मार्केट के ऑफिस में हुई तोड़फोड़।
- फोटो : Amar Ujala
महानगर के अति व्यस्त मैरिस रोड इलाके में जमीनी विवाद में बुधवार को दिनदहाड़े शेयर ब्रोकर के दफ्तर में कार सवार लोगों ने हमला बोल दिया। इस दौरान जबरन बैनामा कराने का दबाव बनाने के इरादे से मारपीट, तोड़फोड़ करते हुए लाइसेंसी रिवाल्वर तक लूटने की कोशिश की गई। वह तो शोरशराबे पर जब आसपास की पब्लिक एकत्रित हुई और हमलावरों को दौड़ाया तब वह भागे। इस हमले में शेयर ब्रोकर का तमंचे की बट से सिर भी फूटा है। इधर, दोनों ओर से झगड़े की तहरीर थाने में दी गई हैं, जिसमें पुलिस जांच कर रही है। हमलावर पक्ष ने खुद के 12 लाख लुटने का आरोप भी लगाया है।
क्वार्सी क्षत्र के सुदामापुरी निवासी सुधीर भारद्वाज शेयर ब्रोकर हैं। उनका मैरिस रोड पर दफ्तर है। उनके अनुसार मथुरा रोड पर उनकी करीब दो सौ बीघा जमीन है। जमीन के लेनदेन को लेकर उनका कुछ दबंग लोगों से विवाद चल रहा है। यह लोग जबरन जमीन का बैनामा करने का दबाव बना रहे हैं। बुधवार को सुधीर अपने भाई सुनील के साथ दफ्तर में बैठे थे। तभी वैगन आर कार सवार आधा दर्जन युवक आ धमके।
आरोपियों ने सुधीर से जमीन का बैनामा कराने के लिए कहा। उन्होंने इंकार किया तो दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई। इसी बीच आरोपी युवकों ने तमंचे की बटों से सुधीर भारद्वाज और सुनील पर प्रहार कर दिया। सुधीर का सिर फट गया। इसके बाद आरोपियों ने दफ्तर में तोड़फोड़ कर दी। सुधीर के पास से लाइसेंसी रिवाल्वर लूटने की कोशिश की गई। मामला बढ़ता देख स्थानीय लोगों ने पुलिस को खबर कर दी और पब्लिक भी एकत्रित हो गई।
पब्लिक को आता देख आरोपी युवक धमकी देते हुए भाग हो गए। सुधीर भारद्वाज की ओर से प्रेमराज, विकास शर्मा, अनिल समेत आधा दर्जन लोगों के खिलाफ क्वार्सी थाने में तहरीर दी गई है। उधर दूसरे पक्ष से प्रेमराज ने 12 लाख रुपये नगदी लूटने और मारपीट करने का आरोप लगाया है। सुधीर भारद्वाज व सुनील के खिलाफ तहरीर दी है। वहीं क्ववार्सी पुलिस दोनों पक्षों की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर जांच में जुट गई है।