अलीगढ़ के थाना देहलीगेट क्षेत्र के कनवरीगंज स्थित धनियाबाड़ा के दुर्गा मंदिर से रामनवमी पर निकलने वाली परंपरागत शोभायात्रा के लिए नए मार्ग की अनुमति न मिलने पर इस वर्ष शोभायात्रा नहीं निकलेगी। श्री दुर्गा महारानी मंदिर समिति के पदाधिकारियों ने सामूहिक रूप से शोभायात्रा नहीं निकालने का निर्णय लिया है। गुस्साए आयोजकों ने शोभायात्रा से एक दिन पूर्व निकलने वाली कलश यात्रा को भी स्थगित कर दिया।
विज्ञापन
कर्फ्यू व कोराना संक्रमण काल को छोड़कर ऐसा पहली बार होगा जब 100 वर्षों में पहली बार पंरपरागत शोभायात्रा नहीं निकलेगी। इसको लेकर श्रद्धालुओं व आयोजन समिति में गहरा आक्रोश है। इसके विरोध में उन्होंने काली पट्टी बांध ली हैं।
उधर, पुराने शोभायात्रा के मार्ग कटरा मोहल्ले में अवरोध बन रहे मकान व दुकानों से अतिक्रमण हटवाने पहुंची नगर निगम टीम को कड़ा विरोध झेलना पड़ा। इसके बाद अतिक्रमण हटाने का काम स्थगित करना पड़ा। उधर, स्थानीय लोगों ने विरोध में काली पट्टी बांध ली। इलाके में शांति व्यवस्था कायम रखने के लिए एहतियातन आरएएफ व पीएसी बल को तैनात कर दिया गया है।