आखिरी सोमवार पर शिव मंदिरों में उमड़ा आस्था का सैलाब
- फोटो : Dig Vishal
सावन के चौथे और आखिरी सोमवार के दिन शहर के प्रमुख शिव मंदिरों पर आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। दिन भर मंदिरों में शिव पर जल चढ़ाने के लिए कतारें लगातार लगी रहीं। खेरेश्वर धाम में तो रात्रि महाआरती तक भीड़ कम ही नहीं हुई। शाम को आयोजित महाआरती में एसएसपी अजय साहनी, एसपी सिटी, एडीएम, एसपी क्राइम, सीओ आदि ने पुलिसकर्मियों के साथ शिरकत की।
बता दें कि खेरेश्वर धाम में भोलेनाथ को जल चढ़ाने के लिए रविवार रात से ही श्रद्धालु पहुंचने लगे थे। सुबह दिन का सूर्य निकलने पर मंदिर में भीड़ बढ़ती गई। पूरे दिन श्रद्धालुओं कतार टूटी नहीं। इस दौरान श्रद्धालु बम-बम भोले, हर-हर महादेव के जयकारे लगाते रहे।
पूरे दिन भर में लगभग सवा लाख श्रद्धालुओं ने मंदिर में शिव का जलाभिषेक किया। इस दौरान मंदिर कमेटी अध्यक्ष ठा. सत्यपाल सिंह, गेहराज सिंह, देवेंद्र चौहान, हरेंद्र सिंह, घमंडी सिंह, छोटेलाल शर्मा, तेजवीर सिंह त्यागी आदि ने व्यवस्थाएं संभाली।
कुछ ऐसा ही नजारा मंगलेश्वर महादेव मंदिर, अचलताल स्थित अचलेश्वर आदि मुख्य मंदिरों में देखने को मिला। इसके अलावा पूरे शहर भर में जगह-जगह भगवान भोलेनाथ की भजन संध्या, जागरण, भंडारा, जल सेवा आदि का आयोजन श्रद्धालुओं द्वारा किया गया था। इसके अलावा जगह-जगह भगवान शिव के विवाह का आयोजन भी किया गया था। जिसमें शामिल होकर श्रद्धालुओं ने पूर्ण आनंद लिया।