श्यामबाबू और कमलेश देवी। स्रोत : स्वयं
- फोटो : Samvad
कमलेश के पति श्याम बाबू की दोनों किडनी खराब हो चुकी थीं। एक साल की लंबी डायलिसिस के बाद डॉक्टरों ने भी कह दिया था कि अब किडनी ट्रांसप्लांट के अलावा कोई इलाज नहीं है। श्याम बाबू की तबीयत भी लगातार बिगड़ती जा रही थी। पति की बढ़ती तकलीफ को देख कमलेश आगे आईं और अपने पति को किडनी देकर उनकी जान बचाई। आज पति पत्नी दोनों ठीक हैं।
खैर कस्बे के मालीपुरा में रहने वाली कमलेश देवी के पति श्याम बाबू आरपीएफ में इंस्पेक्टर के पद पर कार्यरत हैं। मौजूदा समय में उनकी तैनाती प्रयागराज में है। वर्ष 2012 में जब उनकी तैनाती अलीगढ़ में थी तो अचानक किडनी में इन्फेक्शन हो गया था। दिल्ली सहित कई बड़े शहरों में इलाज हुआ लेकिन आराम नहीं मिला। लगातार दो साल तक इलाज चला।
दोनों किडनी खराब होने के बाद डायलिसिस शुरू हो गई। लगातार एक साल तक डायलिसिस चली। बाद में डॉक्टरों ने घरवालों को बताया कि अब सिर्फ किडनी बदलकर ही श्याम बाबू की जान बचाई जा सकती है। वहीं इन्फेक्शन बढ़ने से उनकी तबीयत लगातार बिगड़ती जा रही थी। पति की हालत देख पत्नी कमलेश आगे आईं और चिकित्सकों से कहा कि उनकी किडनी उनके पति को ट्रांसप्लांट कर दीजिए।
अगस्त 2015 में दिल्ली में किडनी ट्रांसप्लांट हुई। अब दोनों पूरी तरह स्वस्थ हैं। मूल रूप से मथुरा जिले के गांव नावली के रहने वाले श्याम बाबू की शादी गोंडा के पास ताल नगर की कमलेश से वर्ष 1985 में हुई थी, उस समय वह मथुरा में पढ़ाई कर रहे थे। शादी के एक साल बाद आरपीएफ में नौकरी मिल गईं, उनके तीन पुत्र महावीर, विकास, मनवीर और दो बेटियां सविता एवं ममता हैं। बच्चों की पढ़ाई के लिए वह लंबे समय से खैर में मकान बनाकर रह रहे हैं।