शताब्दी एक्सप्रेस में बम की सूचना पर हड़कंप
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
लखनऊ से दिल्ली जा रही शताब्दी एक्सप्रेस में बम की सूचना पर पुलिस में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में जीआरपी, आरपीएफ के साथ-साथ जिला पुलिस फोर्स मय डॉग स्क्वायड के साथ प्लेटफार्म पर पहुंच गए। पुलिस की दो टीमों ने ट्रेन के कई कोच चेक किए लेकिन बम नहीं मिला। जिसके बाद पुलिस ने राहत की सांस ली।
इंस्पेक्टर आरपीएफ नवल किशोर ने बताया कि किसी ने ट्विट किया कि दिल्ली जाने वाली शताब्दी एक्सप्रेस में बम है। कुछ ही देर में रेलवे पुलिस को एलर्ट कर ट्रेन की चेकिंग के निर्देश दिए। सूचना के बाद जीआरपी और जिला पुलिस को भी अवगत करा दिया।
जिला पुलिस सीओ तृतीय राजीव कुमार के नेतृत्व में स्थानीय रेलवे स्टेशन पर बम निरोध दस्त और डॉग स्क्वायड के साथ पहुंच गई। उधर, आरपीएफ का भी डॉग स्क्वायड आ गया। इस बीच दो टीम तैयार कर दी, एक टीम को कोच आगे से पीछे और दूसरी टीम को पीछे से आगे कोच की चेकिंग के निर्देश दिए।
ट्रेन के आने से पहले ही टीमों अपनी-अपनी जगह पहुंच गई। शताब्दी एक्सप्रेस रात 8:08 बजे स्थानीय रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नं. तीन पर पहुंची। ट्रेन के पहुंचते ही पुलिस टीमों ने कोचों में चेकिंग शुरू कर दी। फोर्स को देखकर यात्रियों में दहशत पैदा होने लगी।
चेकिंग के दौरान ट्रेन में बम नहीं मिला, जिसके बाद पुलिस और यात्रियाें ने भी राहत की सांस ली और ट्रेन 8: 14 बजे दिल्ली के लिए रवाना हो गई। उन्हाेंने यह भी बताया कि ट्रेन को कानपुर और इटावा में भी चेक किया गया था।