बीते सप्ताह 9 मई रात संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लगने से घायल हुए मोरथल गांव के युवक को पुलिस ने 13 मई सुबह बरोठा नहर पुल से गिरफ्तार कर लिया। युवक के पास से एक तमंचा और कारतूस बरामद हुआ, जिसे वह अपर गंग नहर में फेंकने जा रहा था। न्यायालय के आदेश पर युवक को जेल भेज दिया गया है। गोली तमंचा साफ करने के दौरान चली थी।
तालानगरी चौकी प्रभारी अरुण कुमार ने बताया कि 9 मई की रात दस बजे करीब कासिमपुर रोड पर रहने वाले शाकिर पुत्र हसरत निवासी मोरथल के बाएं पैर की जांघ से गोली आर पार निकल गई थी। घायल को मेडिकल में भर्ती करा दिया गया था। इस दौरान जांच में परिजनों द्वारा हमले के आरोप संदिग्ध प्रतीत हुए और प्रथम दृष्टया घटना दुर्घटनावश होना प्रतीत हुआ।
पता चला कि तमंचा साफ करते वक्त गोली चली थी, जिससे शाकिर घायल हुआ था। शाकिर के बरोठा नहर पार दिखाई देने की सूचना मिली। मौके पर उसे दबोच लिया गया। तलाशी में उसके पास से 315 बोर का एक तमंचा व एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। जिसके बाद तालानगरी चौकी प्रभारी की ओर से आरोपी के विरुद्ध आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर अभियुक्त को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।