अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के अजमल खान तिब्बिया कॉलेज की प्रोफेसर शगुफ्ता अलीम को भारत सरकार के आयुष मंत्रालय की सलाहकार समिति के सदस्य के रूप में नामित किया गया है। प्रोफेसर शगुफ्ता अलीम के अलावा इस समिति में उच्च स्तरीय समिति में प्रख्यात विद्वान, विशेषज्ञ, विश्वविद्यालयों के कुलपति, यूजीसी के उपाध्यक्ष और वैज्ञानिक शामिल हैं। इस समिति की अध्यक्षता आयुष सचिव वैद्य राजेश कोटेचा कर रहे हैं।
विभागीय मंत्री, आयुष मंत्रालय और एएमयू के कुलपति का आभार जताते हुए प्रोफेसर शगुफ्ता अलीम ने कहा कि भारत अब आयुष उपचार प्रणाली में विश्व में अग्रणी है और चिकित्सा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने आशा व्यक्त की है कि आयुष मंत्रालय के तत्वावधान में यूनानी चिकित्सा को और बढ़ावा दिया जाएगा। यूनानी फैकल्टी के डीन प्रोफेसर एफ एस शीरानी ने प्रोफेसर शगुफ्ता अलीम को बधाई दी।