दिल्ली से चलकर सियालदह जाने वाली सियालदाह राजधानी एक्सप्रेस के कोच बी-8 का एसी खराब हो गया। जिसको लेकर परेशान मुसाफिरों ने ट्रेन में हंगामा शुरू कर दिया। उन्होंने कई जगह चैन पुलिंग कर दी। अलीगढ़ में छर्रा पुल से निकलते ही मुसाफिरों ने फिर चैन पुलिंग कर दी और हंगामा शुरू कर दिया।
इसकी सूचना से रेलवे अधिकारियों में हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंचे अधिकारियों से मुसाफिरों की तीखी नोंकझोंक हुई। अधिकारियों ने समझाबुझाकर मुसाफिरों को शांत करके ट्रेन रवाना करवाई। इसी बीच ट्रेन मैन लाइन पर करीब 55 मिनट खड़ी रही, जिससे पीछे से आ राजधानी एक्सप्रेस समेत कई गाड़ियां लेट हुईं।
वाकया शनिवार शाम 6.25 बजे का है। दिल्ली से चलने वाली गाड़ी संख्या 12314 सियालदह राजधानी एक्सप्रेस के कोच बी-8 का एसी खराब हो गया। गर्मी लगने पर मुसाफिरों ने कई बार शिकायत की। समाधान नहीं होने पर मुसाफिरों ने चैन पुलिंग करना शुरू कर दिया। अलीगढ़ रेलवे स्टेशन निकलते ही मुसाफिरों का धैर्य जवाब दे गया।
उन्होंने छर्रा अड्डा पुल से आगे चैन पुलिंग कर दी, जिससे गाड़ी मैन लाइन पर खड़ी हो गई। यह खबर सुनकर मौके पर टीआई डीके गौतम, स्टेशन अधीक्षक आरके पाठक, आरपीएफ एसीपी प्रेमचंद्र पंजाबी, आरपीएफ इंस्पेक्टर नवल किशोर, जीआरपी प्रभारी सत्यप्रकाश, हरकेश मीना समेत सिविल पुलिस मौके पर पहुंच गई। इस दौरान अधिकारियों व मुसाफिरों के बीच नोंकझोंक हुई।
मुसाफिरों का कहना था कि नई दिल्ली से ही गाड़ी का एसी काम नहीं कर रहा है। अधिकारियों ने लोगों को समझाबुझाकर एक दूसरे कोच में स्थान दिलवाया, तब कहीं जाकर ट्रेन आगे बढ़ी। इस प्रक्रिया में तकरीबन 55 मिनट ट्रेन खड़ी रही, जिसके चलते पीछे से आने वाली कई राजधानी एक्सप्रेस रोक दी गईं।
वहीं, अधिकारियों के मुताबिक कोच का ऐसी यहां ठीक नहीं हो सका। मुसाफिरों को समझाबुझाकर शांत करा दिया और ट्रेन को रवाना कर दिया।