बुधवार को चेकिंग के दौरान प्रवर्तन अधिकारी
- फोटो : samvad
टप्पल क्षेत्र में परिवहन विभाग ने अवैध रूप से संचालित वाहनों के खिलाफ बुधवार को अभियान चलाकर कार्रवाई की है। टीम ने सात वाहनों को सीज किया है। इनमें स्कूली बसें भी शामिल हैं।
प्रवर्तन अधिकारी ज्योति मिश्रा ने टीम के साथ जट्टारी-टप्पल क्षेत्र की तीन स्कूल बसों, एक ट्रक और एक डंपर सहित कुल सात बड़े वाहनों को पकड़ा। जांच में एक स्कूल बस बिना परमिट के और बेहद जर्जर हालत में सड़क पर दौड़ती पाई मिली। बस को तत्काल सीज किया गया। अन्य वाहनों के पास भी आवश्यक दस्तावेज और वैध परमिट नहीं मिले। सभी सातों वाहनों को सीज कर टप्पल थाने में खड़ा करा दिया गया है। ज्योति मिश्रा ने बताया कि बिना वैध परमिट, अधूरे कागजात और अवैध खनन में संलिप्त वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। पलवल रोड पर अचानक शुरू हुई इस कार्रवाई से डंपर और ट्रक चालकों में अफरा-तफरी का माहौल रहा।