खेरेश्वर चौराहे पर आपस में टकराए वाहन। संवाद
- फोटो : Samvad
मंगलवार की दोपहर करीब ढाई बजे एनएच-91 के रिंग रोड पर खेरेश्वर चौराहे पर तेज रफ्तार ट्रक ने कैंटर में टक्कर मारी। इससे कैंटर दूसरे और दूसरे वाहन अपने आगे खड़े अन्य वाहनों से टकराते चले गए। इससे एक कार सवार सहित नौ लोगों सहित 10 लोग घायल हुए हैं। हादसा होते ही लोगों की भीड़ लग गई। लोगों ने ट्रक चालक को दबोच लिया और उसकी जमकर पिटाई की।
गभाना थाने के गांव रामपुर निवासी साहब सिंह ने बताया कि उनके साथ ही पिंकी, सुधा, किरन, लक्ष्मी, कालीचरण, भुरिया देवी, नेहा और सुनीता शर्मा हाथरस से लौट रहे थे। खेरेश्वर चौराहे पर एक रोडवेज बस और कैंटर बराबर में खड़े थे। उनके सामने तीन कारें और एक टेंपो खड़ा था। इसी बीच एटा की ओर से आया तेज रफ्तार ट्रक बैरियर तोड़ते हुए पीछे से कैंटर से टकराया। इस पर कैंटर आगे रोडवेज बस से, बस आगे खड़ी कारों और कारों से टेंपो सहित अन्य दो वाहन आपस में टकराते चले गए।
साहब सिंह के अनुसार हादसे में उनके सहित कार सवार सभी लोग घायल हो गए। वहीं टेंपो सवार आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सुनीता शर्मा निवासी हयातपुर बझेड़ा भी घायल हो गईं। पुलिस ने सभी घायलों का अस्पताल में इलाज करवाया। रोरावर पुलिस के अनुसार ट्रक चालक को पकड़ लिया गया है। वह नशे में था, इसी वजह से हादसा हुआ।