बेटे की गोद भराई करने आये परिवार की कार हापुड़ लौटते समय खेरेश्वर चौराहे पर सामने से आ रही कार से भिड़ गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि सफारी कार पुलिस चौकी का बोर्ड तोड़ते हुए डिवाइडर पर चढ़ गई। हादसे में दोनों कारों में सवार सात लोग गंभीर रूप से घायल हो गये। सफारी सवार लोगों का आरोप है कि उनकी कार पर कुछ लोगों ने फायरिंग की, इस वजह से हादसा हुआ।
हापुड़ निवासी कुछ लोग रविवार को सफ ारी कार से इगलास क्षेत्र में बेटे की शादी करने को लड़की की गोद भराई की रस्म करने के लिये गए थे। जहां दोनों पक्षों में किसी बात को लेकर विवाद हो गया। इसके बाद सभी लोग रात करीब 10 बजे वापस हापुड़ जा रहे थे। जैसे ही हाइवे पर खेरेश्वर चौराहे पर पहुंचे तभी सामने से आ रही वैगनआर कार से सफारी जा टकरायी। टक्कर इतनी जबर्दस्त थी कि सफारी पुलिस चौकी के बोर्ड को तोड़ते हुए डिवाइडर पर जा चढ़ी। हादसे में सफ ारी में सवार हापुड़ निवासी रवि, राहुल, अजयवीर, सुषमा व चंद्रवती के अलावा वैगनआर कार में सवार सचिन व राजकुमार निवासी उदयगढ़ी खैर घायल हो गए।
सफ ारी कार सवारों ने इगलास क्षेत्र के लड़की पक्ष पर आरोप लगाया है कि विवाद के बाद चले जाने के बाद आरोपितों ने उनका बोलेरो से पीछा करना शुरू कर दिया। रास्ते में कार पर फायरिंग भी की गई। इसी दौरान उनकी कार दूसरी कार से भिड़ गई। एसओ लोधा रामवकील सिंह ने बताया कि हादसे में घायलों का उपचार कराया गया है। कार सवारों का फायरिंग करने का आरोप गलत है। घटना के समय चौराहे पर पुलिस फोर्स व स्थानीय लोग भी मौजूद थे। किसी ने गोली चलने की आवाज नहीं सुनीं। इस मामले में वैगनआर कार चालक सचिन कुमार ने सफ ारी कार के चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।