अलीगढ़ के थाना बन्नादेवी क्षेत्र के सराय हकीम इलाके में 12 मार्च को भाजपा के दो गुटों के बीच हुई फायरिंग और संघर्ष में शामिल आठ आरोपियों को पुलिस ने 13 मार्च को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। एसएसपी का कहना है कि गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ गैंगस्टर और रासुका की कार्रवाई भी की जाएगी।
यह भी पढ़ें... भाजपाई गुटों में फायरिंग: सुरक्षा पर उठे सवाल, मिशन 2027 में पार्टी पर भारी न पड़ जाए भाजपाइयों की लड़ाई
गिरफ्तार आरोपियों में एक गुट से भाजयुमो नेता हर्षद हिंदू सहित सात और शशांक पंडित गुट से एक आरोपी आयुष शर्मा शामिल है। इनके पास से पुलिस ने दो देसी पिस्टल, दो तमंचे, दो चार पहिया वाहन बरामद किए हैं। बृहस्पतिवार शाम थाना बन्नादेवी क्षेत्र के सराय हकीम निवासी व भाजयुमो के महानगर मंत्री हर्षद हिंदू व सासनीगेट क्षेत्र के रहने वाले शशांक पंडित गुट के बीच विवाद हुआ था।
यह भी पढ़ें... Aligarh: भाजपाइयों के दो गुटों में फायरिंग, तीन घायल, 12 पर रिपोर्ट दर्ज, दोनों गुट सांसद के करीबी
दो गुटों के बीच पिछले काफी समय से वर्चस्व की लड़ाई चल रही है। बुधवार को हर्षद ने सोशल मीडिया पर एक गाने का स्टेटस लगाया था। इस पर दूसरे गुट के मोहित शर्मा की हर्षद से गाली-गलौज हो गई थी। हर्षद गुट ने मोहित शर्मा को पीट दिया था। इसके बाद दोनों पक्ष भिड़ गए। मारपीट और पथराव के बाद जमकर फायरिंग हुई थी।
इसमें हर्षद गुट के शानू वाल्मीकि, शशांक गुट के आयुष शर्मा के अलावा सिविल लाइन क्षेत्र निवासी हिस्ट्रीशीटर शोएब गोली लगने से घायल हुए थे। रसलगंज पुलिस चाैकी इंचार्ज की ओर से हर्षद हिंदू, यश गोयल, अमन पंडित, प्रिंस गोयल, शशांक पंडित, मोहित शर्मा, अनुराग ठाकुर, हनी शिवाजी, योगी यशनंदन, हमजा, मन्नू पंडित, प्रखर राठी व 10-12 अज्ञात के खिलाफ फायरिंग, सीएलए एक्ट समेत कई संगीन धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कराई गई।
ये हुए गिरफ्तार
हर्षद हिंदू, सराय हकीम, बन्नादेवी, यश गुप्ता घुड़ियाबाग देहलीगेट,मयंक ठाकुर निवासी लौहसरा लोधा,
योगेंद्र निवासी गौतम नगर, प्रफुल्ल पंडित उर्फ लवली मसूदाबाद,नमन घुडियाबाग देहलीगेट,काटू उर्फ गौरव सिद्धार्थनगर आईटीआई रोड़ बन्नादेवी, आयुष शर्मा निवासी सराय वृंदावन सासनीगेट।