प्रत्येक सोमवार एवं शिवरात्रि पर्व, हरियाली अमावस्या, हरियाली तीज, नागपंचमी, रक्षाबंधन को लेकर शहर में भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। रोडवेज बसें बाईपास रोड से संचालित होंगी।
सावन मास में सोमवार को शिव मंदिरों एवं शिवालयों में उमड़ने वाले भक्तों के जनसैलाव को देखते हुए प्रशासन ने श्रावण मास में प्रत्येक सोमवार को यातायात व्यवस्था में बदलाव करने का निर्णय लिया है। एसपी ट्रैफिक मुकेश चंद्र उत्तम ने बताया कि प्रत्येक सोमवार एवं शिवरात्रि पर्व, हरियाली अमावस्या, हरियाली तीज, नागपंचमी, रक्षाबंधन को लेकर शहर में भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।
विज्ञापन
रोडवेज बसें बाईपास रोड से संचालित होंगी। इस दौरान शिव मंदिरों पर शिवभक्त एवं कांवडियों द्वारा जलाभिषेक किया जाएगा। मुख्य रूप से अचलताल, खेरेश्वरधाम एवं भुमियां बाबा आश्रम (गभाना) पर श्रद्वालुओं द्वारा जलाभिषेक किया जाएगा। 16 जुलाई को मुख्य शिवरात्रि पर्व मनाया जाएगा।
श्रावण मास में पड़ने वाले सोमवार
पहला सोमवार - 10 जुलाई
दूसरा सोमवार- 17 जुलाई
तीसरा सोमवार - 24 जुलाई
चौथा सोमवार - 31 जुलाई
पांचवा सोमवार - 07 अगस्त
छठवां सोमवार - 14 अगस्त
सातवां सोमवार - 21 अगस्त
विज्ञापन
ऐसे रहेगा रूट डायवर्ट
दिल्ली, खुर्जा की तरफ से खेरेश्वर चौराहा की तरफ से आने समस्त प्रकार के भारी वाहन, जिन्हें एटा, कानपुर, आगरा, मथुरा की तरफ जाना है। वह दौरऊ, सोमना मोड़, गभाना से डायवर्ट होकर खैर, इगलास, सासनी, सिकंदराराऊ होते हुए जाएंगे।
खैर, टप्पल की तरफ से शहर में आने वाले भारी वाहन खेरेश्वर चौराहा की तरफ प्रतिबंधित रहेगे। हल्के वाहनों को ग्राम हरिदासपुर तिराहे, लोधा से जीटी रोड की तरफ डायवर्ट किया जाएगा।
मथुरा से शहर, खेरेश्वर चौराहा, नांदा पुल की तरफ आने वाले समस्त प्रकार के भारी वाहन शहर, खेरेश्वर चौराहा, नादा पुल की तरफ प्रतिबंधित रहेंगे। इन वाहनों को पुराना मथुरा बाईपास से डायवर्ट किया जाएगा। खुर्जा, बुलंदशहर, दिल्ली जाने वाले वाहनों को इगलास से गोंडा, खैर की तरफ डायवर्ट किया जाएगा।
आगरा की तरफ से शहर की ओर आने वाले सभी प्रकार के भारी वाहन सासनीगेट चौराहा से प्रतिबंधित रहेगे। इन वाहनों को वन चेतना केंद्र, दाउद खां, फाटक तिराहे से इगलास रोड की तरफ डायवर्ट किया जाएगा।
रामघाट रोड पर अतरौली से अलीगढ़ की तरफ आने वाले समस्त प्रकार के भारी वाहन क्वार्सी चौराहा की तरफ प्रतिबंधित रहेंगे। इन वाहनों को अतरौली से कासगंज, गोधा, छतारी, डिबाई की तरफ डायवर्ट किया जाएगा।
बुलंदशहर, डिबाई, सारसौल चौराहा, क्वार्सी चौराहे की तरफ आने वाले सभी वाहन प्रतिबंधित रहेंगे। इन वाहनों को सुमेरा झाल, जवां से बरौली, गभाना की तरफ डायवर्ट किया जाएगा।
सारसौल चौराहे से नादा पुल, खेरेश्वर की तरफ समस्त प्रकार के भारी एवं चार पहिया वाहन पूर्णतः प्रतिबंधित रहेंगे। यह ट्रैफिक भांकरी नया बाईपास से चलेगा।
खेरेश्वर चौराहे से नादापुल की तरफ वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। खेरेश्वर चौराहे से ही नए बाईपास पर डायवर्ट किया जाएगा।