महानगर में छुट्टा घूम रहे बदमाशों ने सीएम के दौरे से एक दिन पहले पुलिस को चुनौती देते हुए एक आढ़ती से स्कूटी सहित सात लाख रुपये लूट लिए। घटना सोमवार सुबह अचल रोड पर पुराने सूर्या सिनेमा के सामने हुई।
खबर पर एसपी सिटी सहित अमला पहुंच गया। हालांकि कुछ घंटे की तलाश के बाद पुलिस को स्कूटी लावारिस अवस्था में महेंद्र नगर इलाके में मिल गई। मगर इस घटना के बाद से आढ़तियों में खासा आक्रोश है।
रफातगंज निवासी बॉबी वार्ष्णेय की धनीपुर मंडी में आढ़त है। सोमवार सुबह करीब सात बजे वह स्कूटी से धनीपुर मंडी जा रहे थे।
अचल चौकी से चंद कदम पहले पुराने सूर्या सिनेमा के सामने बाइक सवार तीन बदमाशों ने उन्हें ओवरटेक कर रोक लिया और तमंचे के बल पर स्कूटी व व उसमें रखे सात लाख रुपयों का थैला लेकर भाग गए।
खबर पर पहुंची पुलिस व एसपी सिटी डॉ. ब्रजेश सिंह ने मौका मुआयना करने के बाद आसपास स्कूटी की तलाश कराई तो कुछ ही देर बाद महेंद्र नगर इलाके में स्कूटी लावारिस अवस्था में मिल गई।
इस दौरान व्यापारियों ने पुलिस के प्रति खासी नाराजगी जताई। एसओ गांधीपार्क के अनुसार मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है। बदमाशों की तलाश के प्रयास जारी हैं।