डॉ. बीआर अंबेडकर विश्वविद्यालय ने बीएड की परीक्षाओं को लेकर अपना रुख साफ कर दिया है। विश्वविद्यालय के कुलसचिव और परीक्षा नियंत्रक केएन सिंह का कहना है कि 23 नवंबर से ही बीएड की परीक्षाएं होंगी। इसमें कोई बदलाव नहीं किया जाएगा।
परीक्षाएं नोडल केंद्र और एडेड कॉलेजों पर ही कराई जाएंगी। सेल्फ सेंटर करने का कोई मतलब ही नहीं है। गौर हो कि परीक्षाओं की तिथि बदलने, सेल्फ सेंटर आदि अफवाहों से हजारों बीएड के परीक्षार्थी आशंकित हैं।
कुलसचिव ने अमर उजाला से फोन पर बातचीत में बताया कि कुछ लोग अफवाह उड़ा रहे हैं कि कॉलेजों के परीक्षा फॉर्म नहीं भरे गए हैं, इससे परीक्षाओं की तिथि में बदलाव किया जाएगा, लेकिन यह सब अफवाहें गलत हैं। डेढ़ साल बाद परीक्षाएं कराने का मौका आया है।
परीक्षाएं 23 नवंबर से शुरू ही होंगी और दो दिसंबर तक चलेंगी। इसमें 2015-16 नए कोर्स के अलावा 2013-14 और 2014-15 के री और एक्स परीक्षार्थी भी शामिल हैं। छात्र-छात्राएं भ्रमित न हों और परीक्षा की तैयारियों में जुट जाएं। उन्होंने कहा कि सेल्फ सेंटर का प्रयास कर रहे कॉलेज संचालकों का भागदौड़ करना व्यर्थ हैं।
परीक्षाएं केवल नोडल केंद्रों, विवि के एडेड डिग्री कॉलेजों, राजकीय महाविद्यालयों पर ही संपन्न कराई जाएंगी। सभी जिलों में 21 नोडल केंद्र बनाए गए हैं। अलीगढ़ में डीएस डिग्री कॉलेज और हाथरस में पीसी बागला डिग्री कॉलेज को नोडल केंद्र बनाया गया है। सभी जिलों के कुल 413 कॉलेजों में बीएड की परीक्षाएं होंगी।