- समस्या होने पर इन नंबरों पर करें कॉल
- नगर निगम कंट्रोल रूम : 7500441344
- डीएम वार रूम : 9457296582, 7017469606
- स्वास्थ्य विभाग : 9411803254
- पुलिस कंट्रोल रूम : 112
शहर में होलिकोत्सव के तहत धूल के दिन कड़े सुरक्षा इंतजाम रहेंगे। होली के माहौल में कहीं रंग में भंग न पड़े, इसे लेकर पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। एक तरफ यातायात पुलिस ने रूट डायवर्जन लागू किया है। दिन में दोपहिया वाहन तक शहरी क्षेत्र में प्रतिबंधित रहेंगे और पुराने शहर व मिश्रित आबादी वाले इलाकों में ड्रोन कैमरों से निगरानी होती रहेगी। इसे लेकर एसएसपी मुनिराज जी ने सोमवार सुबह अधिकारियों संग बैठक की और दोपहर में शहर के मिश्रित आबादी वाले इलाकों में फ्लैग मार्च निकाले गए। इस दौरान सीओ प्रथम विशाल पांडेय, सीओ द्वितीय पंकज श्रीवास्तव, सीओ खैर संजीव दीक्षित, सीओ तृतीय अनिल समानिया, थानों के प्रभारी, पीएसी व आरएएफ फ्लैग मार्च में शामिल रही।
--
रंगों से है परहेज तो इन बाजारों में जाने से बचें
जिलाधिकारी चंद्रभूषण सिंह ने सुरक्षा का ध्यान रखने और आपसी भाईचारा बनाए रखने की अपील की है। उन्होंने कहा कि धूल के दिन जिन लोगों को रंगों से परहेज है। वह काम न होने पर होली खेलने वाले इलाकों में जाने से बचें।
-
सोशल मीडिया पर भी निगरानी रख रही पुलिस
एसएसपी ने होली को लेकर समस्त राजपत्रित अधिकारियों की मीटिंग ली, जिसमें होली पर विगत घटित घटनाओं के परिप्रेक्ष्य में असामाजिक तत्वों को चिह्नित कर निरोधात्मक कार्रवाई करने व मुचलकों से पाबंद कराने, असामाजिक तत्वों पर सतर्क दृष्टि रखने, संवेदनशील स्थानों को चिह्नित कर नागरिकों से संपर्क करने, विवादित स्थलों पर भ्रमण करने, जुलूसों की वीडियोग्राफी कराने, वाट्सएप/फेसबुक आदि पर आने वाले सांप्रदायिक एवं माहौल बिगाड़ने वाले कमेन्ट्स पर तत्काल प्रभावी वैधानिक कराये जाने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए ।
-
नगर निगम ने भी पूरी व्यवस्थाएं की
नगर आयुक्त सत्यप्रकाश पटेल ने बताया कि होली के त्योहार को ध्यान में रखते हुए नगर निगम ने सभी व्यवस्थाएं की हैं। होलिका दहन स्थलों पर विशेष सफ ाई व्यवस्था के निर्देश दिए हैं। इधर, जलकल विभाग की ओर से भी पानी की भरपूर व्यवस्था की गई है। जिन क्षेत्रों में सप्लाई के जरिए पानी जाता है। वहां पानी की कोई कमी नहीं होने दी जाएगी। साथ ही नगर निगम ने अधिकारियों और 600 कर्मचारियों की टीम को व्यवस्था में लगाया है।
-
भांग, गांजा, शराब आदि के नशे से बचें
सीएमओ डॉ. गीता प्रधान के मुताबिक कु छ लोग होली पर नशे आदि का सेवन करते हैं। इससे बचना चाहिए। गांजा और भांग आदि का सेवन करते हैं। कहीं-कहीं रंगीन मिठाई और शरबत ठंडाई बनती है। गांजा, भांग में 9 टीएचसी नाम के सक्रिय पदार्थ के कारण मानसिक रोग होने का खतरा बहुत बढ़ जाता है। अगर किसी को कोई मानसिक समस्या है तो वह इन स्थितियों से बचे। मलखान सिंह जिला अस्पताल और दीनदयाल में 10-10 बेड के दो इमरजेंसी वार्ड सहित पुलिस कंट्रोल रूम में दो एंबुलेंस तैनात की गईं हैं। कोई भी घटना होने पर तत्काल रेस्क्यू किया जाएगा।
-
दो दिनों तक 33 सेक्टरों में बंटा रहेगा शहर
पिछले दो माह से शहर में चल रहे तनावपूर्ण माहौल के बीच होली पर पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के इंतजाम कड़े कर दिए हैं। होली पर दो दिन सोमवार व मंगलवार को शहर की कानून और शांति व्यवस्था के लिए 66 मजिस्ट्रेट तैनात किए हैं। कुल 33 सेक्टरों में शहर को विभाजित किया गया है। दो पालियों में तय ड्यूटी में हर एक पाली में 33-33 मजिस्ट्रेट तैनात रहेंगे। एडीएम सिटी कार्यालय से पूरे शहर की मॉनिटरिंग होगी। एडीएम सिटी राकेश कुमार मालपाणी ने बताया कि शहर में 33 सेक्टर बनाए गए हैं। इनमें से 25 सेक्टर सीएए और एनआरसी के विरोध में हुए प्रदर्शन के दौरान बनाए गए थे। होली को लेकर उसी क्रम में आठ सेक्टर और बढ़ाए गए हैं। इन सभी सेक्टरों पर मजिस्ट्रेट तैनात रहेंगे। अधिकारियों को इस संबंध में जानकारी दी जा चुकी है। कार्यालय को कंट्रोल रूम बनाया गया है। होली को शांतिपूर्ण मनवाने के लिए प्रशासन पूरे जोर शोर से लगा है।
-होली को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। होलिका दहन स्थल पर पुलिस लगाई गई है। खुराफातियों पर शिकंजे के इरादे से अब तक शहर में पांच हजार को नोटिस भेजे गए हैं और एक हजार लोग पाबंद किए गए हैं। गुंडा व मिनी गुंडा एक्ट के तहत लगातार कार्रवाई की जा रही है। किसी को कानून हाथ में नहीं लेने दिया जाएगा। ड्रोन कैमरों से निगरानी होगी। आरएएफ व पीएसी द्वारा मिश्रित आबादी वाले इलाकों में लगातार गश्त की जा रही है। शराब पीकर हंगामा करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
- मुनिराज जी, एसएसपी
होलिका दहन स्थल--
- 852 स्थानों पर शहर में जलेगी होली
- 60 से अधिक अतिसंवेदनशील स्थल
- 110 संवेदनशील होलिका स्थल भी
- 680 सामान्य श्रेणी के होलिका स्थल
यह अतिरिक्त इंतजाम
- आरएएफ और पीएसी भी लगाई गई शहर में
- साठ प्वाइंटों पर पुलिस पिकेट की गई तैनात
- छह एसओ और 60 दरोगा देहात से लगाए
- काफी संख्या में सिपाही भी देहात से दिए
चौकन्नी रहेगी पुलिस
- सभी चौकियों के प्रभारी अपने-अपने क्षेत्र में सक्रिय
- सभी थाना प्रभारी-लैपर्ड अपने-अपने क्षेत्र में सक्रिय
- प्रत्येक होलिका स्थल पर फोर्स-होलिका दहन समिति
यातायात इंतजाम
- प्रत्येक थाने में तीन-चार प्रमुख मार्गों पर लगेंगे बैरियर
- सोमवार सुबह से प्रमुख मार्गों पर वाहन भी प्रतिबंधित
- दोपहिया वाहनों पर तीन सवारी भी पूरी तरह से बंद
रूट डायवर्जन: 10 मार्च को होली समापन तक
- दिल्ली-बुलंदशहर की ओर से सारसौल चौराहे से आने वाले सभी भारी वाहन शहर के अंदर प्रतिबंधित, बाईपास होकर गुजरेंगे।
- आगरा/मथुरा की ओर से सासनीगेट से आने वाले सभी भारी वाहन शहर के अंदर प्रतिबंधित, बाईपास होकर गुजरेंगे।
- अतरौली की ओर क्वार्सी चौराहे की ओर आने वाले सभी भारी वाहन शहर के अंदर प्रतिबंधित, बाईपास होकर गुजरेंगे।
- एटा/कानपुर की ओर से एटा चुंगी चौराहे से आने वाले सभी भारी वाहन शहर के अंदर प्रतिबंधित, बाईपास होकर गुजरेंगे।
- 10 मार्च को सुबह से शाम तक शहर में दो पहिया वाहनों पर आवागमन प्रतिबंधित, रोडवेज बसें धीमी गति से चलेंगी।