अलीगढ़ के थाना सासनी गेट इलाके में मथुरा रोड पर लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व एमएलसी सुनील सिंह के निर्माणाधीन भवन पर तैनात सिक्योरिटी गार्ड की अज्ञात बदमाशों ने लाठी डंडे आदि से पीट पीट कर हत्या दी। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। घटना सीसी टीवी में भी कैद हो गई है, जिसके आधार पर एक नामजद सहित तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
थाना लोधा क्षेत्र के गांव जोफरी केशोपुर का रहने वाला धर्मेश कुमार(42) पुत्र सुरेश चंद्र तोमर उर्फ हरी सिंह मथुरा रोड पर गंगा धाम कालोनी के पास बन रहे भवन में सिक्योरिटी गार्ड था। इस परिसर में एक स्कूल भी संचालित होता है। यह पूरा परिसर एमएलसी और लोकदल के जिलाध्यक्ष सुनील सिंह का है। पुलिस के मुताबिक धर्मेश सोमवार की शाम करीब सात बजे खाना खाकर मथुरा रोड स्थित साइट पर पहुंच गया।
वह परिसर के अंदर बने स्कूल के कमरे में सो गया। बताया जाता है कि रात को तीन बदमाश लाठी डंडे हाथ में लेकर आए और धर्मेश की पीटना शुरू कर दिया। विरोध करने पर बदमाशों ने धर्मेश का सिर कुचल दिया। वारदात के बाद बदमाश फरार हो गए। मंगलवार की सुबह मजदूर जब निर्माणाधीन साइट पर पहुंचे तो धर्मेश का रक्त रंजित शव देखा। उन्होंने इस बात की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पुलिस फोरेंसिक यूनिट के साथ पहुंची। मौके से साक्ष्य जुटाए गए हैं।