ट्रांसफार्मर फटने के बाद निकलती लपटें
- फोटो : वीडियो ग्रैब
26 अगस्त तड़के गांव नौरथा में ट्रांसफार्मर फटने के बाद खौलते तेल से किसान परिवार बुरी तरह झुलस गया था। जिसमें किसान की मृत्यु हो गई थी। इसमें पावर कारपोरेशन ने जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई करने का आदेश जारी कर दिया है। सुरक्षा निदेशालय को पूरे मामले की जांच सौंप दी गई है। इधर, पीड़ित परिवार को अभी तक आर्थिक सहायता नहीं मिली है।
27 अगस्त को बेसिक शिक्षा मंत्री भी पीड़ित परिवार से मिले पहुंचे थे। इधर, अधीक्षण अभियंता की तरफ से भी इस पूरे मामले में जांच टीम गठित कर दी है। जांच टीम का नेतृत्व अधिशासी अभियंता लक्ष्मी शंकर कर रहे हैं। अधीक्षण अभियंता ग्रामीण क्षेत्र रविकांत मिश्र के अनुसार जिले की ओर से अलग जांच टीम गठित की गई है। अधीक्षण अभियंता स्तर से तीन दिन में जांच रिपोर्ट मांगी गई है।
72 घंटे बाद भी नहीं बदला गया ट्रांसफार्मर
अतरौली के गांव नौरथा में हुई घटना के बाद भी क्षतिग्रस्त ट्रांसफार्मर अभी वहां से हटाया नहीं गया है। जिससे एक दर्जन ट्यूबवेल प्रभावित हो रहे हैं। अधीक्षण अभियंता रविकांत मिश्र के अनुसार जांच पूरी होने के बाद ही ट्रांसफार्मर को वहां से हटाया जाएगा।
ट्रांसफार्मर फुंकने पर कार्रवाई तय...यहां तो फटा है
पावर कारपोरेशन में 16 केवीए से लेकर 1000 केवीए तक के ट्रांसफार्मर फुंकने पर कार्रवाई तय है। यहां तो ट्रांसफार्मर फटा है... इसके जिम्मेदार कौन हैं? किस किस पर कार्रवाई की जाएगी? यह अभी सवाल बना हुआ है। जांच रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई तय की जाएगी।