रविवार की सुबह करीब 11 बजे सांकरा में निचली गंग नहर में कूदी किशोरी की तलाश आठवें दिन भी जारी रही। रविवार को गाजियाबाद की टीम ने दिन भर नहर में अभियान चलाया, लेकिन देर शाम तक किशोरी का पता नहीं चल सका है।
कक्षा नौ में पढ़ने वाली यह 16 वर्षीय यह छात्रा पालीमुकीमपुर थाना क्षेत्र की थी। शनिवार तक पीएसी एटा की फ्लड टीम सहित आगरा के गोताखोरों ने निचली गंग नहर में तलाश की। रविवार को गाजियाबाद की टीम ने दिनभर सर्च अभियान चलाया। सीओ छर्रा संजीव तोमर ने बताया नहर में किशोरी की लगातार तलाश जारी है।
11 जनवरी को यह किशोरी अपने चाचा और दादी के साथ बाइक से थाना दादों क्षेत्र के एक गांव में रिश्तेदारी में जा रही थी। सांकरा स्थित निचली गंग नहर के पुल पर पहुंचते ही उसने जानबूझकर चलती बाइक से अपना जूता गिरा दिया। जूता उठाने के बहाने बाइक रुकवाई और उतरते ही दौड़कर नहर में छलांग लगा दी थी। उसके नहर में कूदते ही चाचा और दादी ने शोर मचाना शुरू किया जिस पर आसपास मौजूद लोगों की भीड़ एकत्र हो गई। इसके बाद से उसकी तलाश जारी है।