तहसील कोल के गांव बराकला में जमीन के फर्जी आवंटन के मामले की पोल खुलने और जमीन पर कब्जा करने वाले 104 लोगों पर मुकदमा पंजीकृत होने के बाद अब जमीन को खाली कराने का अभियान शुरू हो गया है। एसडीएम कोल अनीता यादव ने शनिवार को 65 बीघा भूमि को खाली कराया।
बता दें कि जिला मुख्यालय से 30 किमी दूर कोल तहसील के गांव बराकला में 1991 में पंचायत ने ऊसर व बंजर जमीन पर कृषि पट्टे आवंटित किए थे। 46 लोगों को 700 बीघा से अधिक जमीन आवंटित की गई। आवंटन सूची में 58 लोगों के नाम और जोड़ दिए गए। आवंटियों की संख्या 104 हो गई। 1992 में तहसील से भी इस सूची को स्वीकृति दे दी गई।
आवंटियों ने कब्जा ले लिया। यह मामला कुछ दिन पहले मामला डीएम कोर्ट में आया। डीएम ने तहसील से जांच कराई तो पता लगा कि तत्कालीन भू समिति ने जमीन आवंटन में फर्जीवाड़ा किया है। अधिकतर आवंटी अपात्र थे। कई लोग दूसरी पंचायतों के थे। कुछ तो कानपुर, हापुड़ व अन्य जिलों के थे। डीएम ने सभी पट्टों को निरस्त करने और तहसील की टीम को जमीन खाली कराकर कार्रवाई के निर्देश दिए थे।