4 जनवरी को दोपहर बाद करीब साढ़े तीन बजे एसडीएम खैर महिमा राजपूत टप्पल ब्लॉक पहुंचीं और ज्ञापन लिया, तब राष्ट्रीय किसान मजदूर यूनियन के कार्यकर्ताओं का अनिश्चितकालीन धरना समाप्त हुआ। यह कार्यकर्ता 3 जनवरी को टप्पल ब्लॉक पहुंचे थे, लेकिन कोई ज्ञापन लेने नहीं आया, जिस पर नाराज होकर देर शाम धरने पर बैठ गए थे। कंपकंपाती ठंड में 3 जनवरी की रात और 4 जनवरी को दिन भर वह धरने पर बैठे रहे।
उपजिलाधिकारी के साथ नायब तहसीलदार अजेंद्र तोमर, बीडीओ अरविंद त्यागी, ब्लॉक प्रमुख के पति ऋषिपाल सिंह, टप्पल थाना प्रभारी अरुण कुमार मौजूद रहे। एसडीएम ने राष्ट्रीय किसान मजदूर यूनियन के कार्यकर्ताओं की मांगें सुनीं और कुछ मांगों का तत्काल निस्तारण कराया। अन्य के जल्द निस्तारण का भरोसा दिलाया, जिसके बाद धरना समाप्त हो गया।
संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी रमेश अत्री ने बताया कि छुट्टा गोवंश को पकड़वाकर गोशाला भिजवाने, राशन कार्ड बनवाए जाने, बिजली की समस्या, दिव्यांग पेंशन, खतौनी में गड़बड़ी सही कराने सहित टप्पल क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित होटलों को बंद कराने की मांग ज्ञापन के जरिये की गई है।
इस मौके पर चेतराम सिंह, चौ. दर्याब सिंह, चौ. मुकेश कुमार, प्रवीण अत्री, प्रदीप चौधरी, इस्लाम सैफी, रामगोपाल, जयपाल, उमेश कुमार, नेत्रपाल, जाकिर, नईम, जयप्रकाश, शाबिर, ईशा, हनीफ, बशीर, उमर शेर, जावेद मौजूद रहे।